DDU University के छात्र को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित, वजह है खास
DDU University Gorakhpur News: दीनदयालउपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के एम.ए. द्वितीय वर्ष के छात्र एवं एनएसएस स्वयंसेवक अंकुर कुमार मिश्रा का चयन वर्ष 2022-23 के लिए "माई भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) पुरस्कार" हेतु स्वयंसेवक श्रेणी में किया गया है।
अंकुर, जो ग्राम धनहा उर्फ मल्लूदिह, वार्ड नं. 7, कसया, ज़िला कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं, को सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

यह पुरस्कार भारत के राष्ट्रपति द्वारा 29 सितम्बर को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा। इसके पूर्व 28 सितम्बर को एक ब्रीफिंग रिहर्सल सत्र भी आयोजित होगा जिसमें पुरस्कार प्राप्तकर्ता को आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बधाई देते हुए कहा: "दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि हमारे एनएसएस स्वयंसेवक एवं राजनीति विज्ञान विभाग के विद्यार्थी अंकुर कुमार मिश्रा का चयन इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए हुआ है। सामाजिक सेवा, अनुशासन और सामुदायिक कल्याण के प्रति उनकी निष्ठा एनएसएस की मूल भावना का प्रतीक है। यह उपलब्धि निश्चित रूप से हमारे विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करेगी।"
विश्वविद्यालय परिवार अंकुर को हार्दिक बधाई देता है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक प्रयासों की निरंतर सफलता की कामना करता है।












Click it and Unblock the Notifications