DDU University को NIRF रैंकिंग में स्थान, कुलाधिपति ने दी बधाई
DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन को विश्वविद्यालय द्वारा एनआईआरएफ (नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क) 2025 में स्थान प्राप्त करने पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। यह सम्मान समारोह राजभवन, लखनऊ में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्पन्न हुआ। राजभवन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वे 14 विश्वविद्यालय सम्मिलित हुए जिन्हें विभिन्न श्रेणियों में एनआईआरएफ रैंकिंग प्राप्त हुई है।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने पहली बार दो श्रेणियों में स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय श्रेणी में 151-200 बैंड तथा राज्य विश्वविद्यालय श्रेणी में 51-100 बैंड में स्थान पाकर विश्वविद्यालय ने ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की है।
इस अवसर पर रैंकिंग प्राप्त विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने अपने-अपने संस्थानों में किए गए प्रयासों एवं पहलों को साझा किया।

अपने संबोधन में प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों को आकर्षित करने के प्रयास, स्कोपस अनुक्रमित पत्रिकाओं में प्रकाशन हेतु शोध पुरस्कार की शुरुआत, शोध परियोजना प्रस्तावों हेतु सहयोगी पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण, सामाजिक एवं एलुमनाई जुड़ाव के माध्यम से peer perception को सुदृढ़ करना, शिक्षकों को पेटेंट दाखिल करने के लिए परामर्श उपलब्ध कराना, तथा ONOS से जुड़कर शोध प्रकाशनों की गुणवत्ता बढ़ाना जैसी पहलें कीं, जिनसे विश्वविद्यालय को दोनों श्रेणियों में रैंकिंग प्राप्त हुई।
उन्होंने आगामी वर्षों में विश्वविद्यालय की स्थिति को और बेहतर बनाने की रणनीतिक योजनाओं का भी उल्लेख किया।
माननीय कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालयों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालय भी प्रेरित होंगे और अगले वर्ष और अधिक विश्वविद्यालय एनआईआरएफ रैंकिंग में शामिल हो सकेंगे।
राजभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कुलपति प्रो. पूनम टंडन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल में प्रो. अजय सिंह, प्रो. दिनेश यादव, प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव और डॉ. रामवंत गुप्ता शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications