DDU University में एलएलबी के छात्रों को मिलेगी सावित्री देवी मेमोरियल स्कॉलरशिप
DDU University Gorakhpur: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र से एलएलबी के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को "श्रीमती सावित्री देवी मेमोरियल स्कॉलरशिप" प्रदान की जाएगी। यह छात्रवृत्ति पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल ट्रस्ट के माध्यम से दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल ट्रस्ट एवं विश्वविद्यालय के बीच हुए एमओयू के अंतर्गत विभिन्न पाठ्यक्रमों में फेलोशिप एवं मेडल प्रदान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधि संकाय के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने हेतु इस नई शैक्षणिक पहल की घोषणा की गई है। इसके तहत एलएलबी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के उन विद्यार्थियों को यह स्कॉलरशिप प्रतिवर्ष दी जाएगी जो अपने वर्ग में सर्वोच्च अंक प्राप्त करेंगे।

इस स्कॉलरशिप की स्थायित्व हेतु ट्रस्ट द्वारा विश्वविद्यालय को ₹5,00,000/- की एकमुश्त धनराशि प्रदान की गई है, जिसका वार्षिक ब्याज पुरस्कार के रूप में वितरित किया जाएगा।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इस नई पहल की सराहना करते हुए कहा,
"यह छात्रवृत्ति न केवल विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करेगी, बल्कि विधि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता को भी सुदृढ़ बनाएगी। विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि वह छात्रों को अधिक से अधिक सुविधाएँ और अवसर प्रदान करे। इस दिशा में शुरू की जा रही इस फेलोशिप हेतु हम पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल ट्रस्ट के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।"
डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दूबे ने जानकारी देते हुए कहा,
"इस छात्रवृत्ति से विधि के छात्रों में प्रतिस्पर्धा और समर्पण की भावना बढ़ेगी। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए एक प्रेरणा बनेगी जो कठिन परिश्रम से अपने लक्ष्यों को प्राप्त करना चाहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications