Gorakhpur News: DDU ने शैक्षणिक उत्कृष्टता में नई ऊंचाई हासिल करने के लिए की यह खास पहल
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो पूनम टंडन ने आज प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) के लिए विश्वविद्यालय के आवेदन को ऑनलाइन जमा किया।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं कुलपति प्रो. पूनम टंडन के गतिशील नेतृत्व में गोरखपुर विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। NAAC से प्रभावशाली A++ (CGPA 3.78 के साथ) के साथ मान्यता प्राप्त करने के बाद दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने एनआईआरएफ, जो रैंकिंग संस्थानों में अपने व्यापक दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है, में अपना आवेदन किया है।

कुलपति प्रो पूनम टंडन ने विश्वविद्यालय द्वारा अकादमिक उत्कृष्टता के लिए निरंतर उठाये गए कदमों एवं सफलताओं का श्रेय राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किए गए निरंतर मार्गदर्शन को दिया है।शिक्षा मंत्रालय द्वारा स्थापित कोर कमेटी के व्यापक ज्ञान और सुझावों से विकसित एनआईआरएफ पद्धति, "शिक्षण, प्रशिक्षण और संसाधन," "अनुसंधान और व्यावसायिक अभ्यास," "स्नातक आउटकम," "आउटरीच और समावेशिता" तथा "परसेप्शन" जैसे मापदंडों पर विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन करती है।
विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2023 में आवेदन नहीं कर पाने के बावजूद, 5 सितंबर, 2023 को पदभार संभालने के बाद कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने रैंकिंग सेल की स्थापना की। कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने एससीआईमैगो इंस्टीट्यूशंस रैंकिंग 2023 में 190वीं समग्र रैंक हासिल की तथा भारत में 268 उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) के बीच अपना स्थान बनाया।
इसके साथ-साथ विश्वविद्यालय ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग: दक्षिणी एशिया 2024 में उल्लेखनीय #258 रैंक हासिल की। इस प्रतिष्ठित रैंकिंग से गोरखपुर विश्वविद्यालय ने राज्य विश्वविद्यालयों के बीच अपनी एक उत्कृष्ट पहचान बनायी। क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग में एशिया के 856 विश्वविद्यालय शामिल हैं, जिनमें 280 दक्षिणी एशिया से हैं।
इस अवसर पर कुलपति प्रो.पूनम टंडन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर रैंकिंग से विश्वविद्यालय को अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों के सापेक्ष अपनी खूबियों और कमियों को जानने में मदद मिलेगी। कुलपति ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के बारे में अपना दृष्टिकोण बनाने में मदद मिलेगी।
कुलपति ने कहा कि गोरखपुर विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ एनआईआरएफ रैंकिंग के परिणामों के लिए प्रतीक्षारत है।












Click it and Unblock the Notifications