CM Yogi ने कार्यकर्ताओं को दिए खास टिप्स, कहा- हर निकाय में बहुमत से बनाएं बोर्ड
बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान सीएम ने नगर निकाय चुनाव को लेकर टिप्स दिए।

Gorakhpur News: सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर दौरे पर थे। अपने गृह जनपद आने का खास उद्दंश्य था। सीएम ने गोरखपुर मंडल के पार्टी कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव में जीतने का मंत्र दिया। इस दौरान सीएम ने कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत के साथ अपने प्रत्याशियों के लिए लगने की अपील की है।
गोरखपुर मंडल के चारों जिलों को मिलाकर एक नगर निगम, 7 नगर पालिका व 44 नगर पंचायतों के चुनाव में भाजपा का परचम फहराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक के बाद एक पांच बैठकें कीं। इनमें से जिलेवार चार बैठक पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में हुई। गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र की बैठक सिविल लाइंस स्थित आशीष मैरेज हाल में हुई।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि हमारे पास कानून व्यवस्था और विकास का मुद्दा मजबूत है। इसलिए हर निकाय में प्रमुख पद पर जीत दर्ज करने के साथ ही सभी निकायों में भाजपा के स्पष्ट बहुमत का बोर्ड बनवाने पर भी गंभीरता से ध्यान देना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के लिए भी भाजपा संकल्प पत्र जारी करेगी। उन्होंने सभी भाजपा प्रत्याशियों को विजय हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
दोपहर एक बजे से शुरू बैठकों की श्रृंखला में मुख्यमंत्री ने एक-एक घण्टे कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया और गोरखपुर जिलों के नगर निकायों में अब तक हुई चुनावी तैयारियों की जिलेवार चुनाव संचालन समिति के लोगों विस्तार से जानकारी ली। बैठकों में प्रत्याशियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद सीएम योगी ने कहा कि इस बार के नगर निकाय चुनाव में आपके साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार की ताकत है। इस चुनाव में एक और इंजन जोड़कर हर निकाय क्षेत्र में ट्रिपल इंजन सरकार का गठन करना है। जनता के बीच यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि ट्रिपल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण को बुलेट ट्रेन की रफ्तार देने की गारंटी होगी। उन्होंने कहा कि सभी निकायों में अभूतपूर्व विकास कार्यों व जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की वृहद सूची है। जन संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों को परिणाम में परिलक्षित करने की जिम्मेदारी से हर एक कार्यकर्ता को जुड़ना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतरीन कानून व्यवस्था है। अब किसी के डरने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिना भेदभाव के विकास के साथ जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दे के साथ जनता के बीच बने रहना है। यहीं नहीं दुनिया में अकेले भारत और देश में अकेले उत्तर प्रदेश है, जहां पिछले तीन साल से मुफ्त राशन दिया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों को यह बताएं कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने क्या किया है और क्या कर रही है। यह संदेश स्पष्ट होना चाहिए कि कमल निशान जीतेगा तो और विकास लेकर आएगा। एक-एक योजना की उपलब्धि जनता तक पहुंचनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications