Mahrajganj के चौक नगर पंचायत को इस खास वजह से चुना गया प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ नगर पंचायत
महराजगंज जिले के चौक नगर पंचायत ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह सम्मान उसे 75 घण्टे 75 जनपद 750 निकाय अभियान के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए दिया गया है।

Mahrajganj News: महराजगंज जिले को साल के अंत में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। इस जिले के नगर पंचायत चौक को 75 घण्टे, 75 जिले, 750 निकाय अभियान के तहत पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ नगर पंचायत के रुप में चुना गया है। इसके लिए इसे पुरस्कृत भी किया गया। चौक नगर पंचायत के वार्ड नंबर-01 अंबेडकर नगर में जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल पॉइन्ट) को खूबसूरत पार्क के रूप में विकसित किया गया था।पुरुस्कार 30 दिसंबर को निदेशालय स्थानीय निकाय में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा।

चौक नगर पंचायत
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि 75 घण्टे, 75 जिले, 750 निकाय अभियान के तहत चौक नगर पंचायत के वार्ड नंबर-01 अंबेडकर नगर में जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल पॉइन्ट) को खूबसूरत पार्क के रूप में विकसित करते हुए वहां पर कपड़ा बैंक, सेल्फी प्वाइंट ओपन जिम और बच्चों के लिए झूले आदि का निर्माण किया गया था। अभियान से पूर्व जिस जगह पर गंदगी का अंबार था, वहां पर अभियान के बाद एक बेहद खूबसूरत पार्क दिखाई दे रहा है।

सफाई अभियान चलाया गया
ईओ चौक ने बताया कि जिलाधिकारी निर्देशानुसार 06 टीमें गठित कर नगर पंचायत में लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा था। 75 घण्टे 75 जनपद 750 निकाय अभियान के संदर्भ में जिलाधिकारी ने सभी निकायों में 01 दिसंबर से 03 दिसंबर तक उक्त अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने का निर्देश दिया था। इसके लिए सभी निकायों के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित कर अपर जिलाधिकारी द्वारा इसकी मॉनिटरिंग की गई।

जागरूकता अभियान
अभियान के पहले दिन प्रत्येक निकाय में 03-06 जीवीपी पॉइंट को चिन्हित किया गया। दूसरे दिन सफाई अभियान चलाया गया और तीसरे दिन चिन्हित स्थलों का सुंदरीकरण किया गया और अन्य सुविधाओं को विकसित किया गया। इस अभियान के तहत लोगों के व्यवहार में परिवर्तन हेतु जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

डीएम ने दी बधाई
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने 75 घण्टे 75 जनपद 750 निकाय अभियान में नगर पंचायत चौक को प्रथम स्थान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि हमारा प्रयास है कि जनपद के सभी निकाय स्वच्छ व सुंदर हों। उन्होंने सभी निकायकर्मियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि के सभी निकायों में चल रहे विकास कार्यों की कड़ी में यह उपलब्धि महत्वपूर्ण है और इसके लिए नगर पंचायत चौक के प्रशासक, अधिशासी अधिकारी व सभी कर्मी बधाई के पात्र हैं।












Click it and Unblock the Notifications