MMMUT: दो सौ से अधिक विद्यार्थियों का हुआ कैंपस प्लेसमेंट
Gorakhpur News: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने दो सौ से अधिक विद्यार्थियों के कैंपस प्लेसमेंट में दिलाने में सफलता पाई है। विभिन्न कंपनियों में कुल 211 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है। ज्यादातर को 3.6 लाख से 6 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज मिला है। एक विद्यार्थी को जेड स्केलर में 23.5 लाख रुपये का पैकेज मिला है।
एमएमएमयूटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. वीके द्विवेदी ने बताया कि कई राष्ट्रीय व बहुराष्ट्रीय कंपनियां प्लेसमेंट ड्राइव के लिए आ रही हैं। इनमें तीन कंपनियों का परिणाम अब आया है। मोबाइल क्षेत्र की कंपनी डीबी टेक्नोलॉजी ने 143 विद्यार्थियों का चयन किया है। इन्हें प्रशिक्षण अवधि में 3.6 लाख रुपये का पैकेज कंपनी द्वारा दिया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों में 60 इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के और 83 मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के हैं। इस कंपनी में चयन के दौरान फाइनल इंटरव्यू कुल 190 विद्यार्थियों ने दिया था। जिसका परिणाम आ चुका है।

प्रो. वीके द्विवेदी ने बताया कि एसेंचर में कुल 67 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है। इन्हें 4.5 से 6 लाख रुपये तक का पैकेज मिला है। इनमें बीटेक के करीब सभी शाखाओं के साथ ही एमसीए से भी विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है।
पिछले एक महीने में एलएंडटी में 36 विद्यार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट मिला है। इसी तरह आईबीएम में 17, आदित्य बिड़ला में 7, त्रिवेणी आलमीरा में 5 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है। इसके अलावा टाटा एडवांस सिस्टम, मनीकरन पॉवर लि.,एसवाईआरएमए एसजीएस के साथ ही एलएंडटी के भी कुछ परिणाम आना बाकी है।
एमएमएमयूटी कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि कैंपस प्लेसमेंट में विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी संख्या में सफलता मिली है। इसके लिए उन सभी को शुभकामनाएं।












Click it and Unblock the Notifications