बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं से की अपील,कहा- 'जीत के उत्साह को बनाए रखें'
Gorakhpur News: बुधवार को एनेक्सी भवन गोरखपुर में भाजपा की अति महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। इसमें गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधायक गण, मोर्चो के क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरखपुर क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश के पदाधिकारी और पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के प्रमुख शामिल हुए।
इस बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि अपने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात और गर्मजोशी से स्वागत मेरे लिए सौभाग्य की बात है। कार्यकर्ताओं के ऐसे ही उत्साह का परिणाम तीन राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक जीत है। इस जीत के उत्साह को 2024 के लोकसभा चुनाव तक जगाए रखने की जरूरत है। कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ता होने के नाते हम सभी की चुनाव में विजई होने की इच्छा रहती है। लेकिन यह मौका पहले कम ही मिलता था। उस समय ऐसी परिस्थिति थी कि कही से जीत गए तो किला फतह करने जैसी खुशी होती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं का समय बदला है। अब तो भाजपा कही से हर जाए तो आश्चर्य होता है।

उन्होंने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बीते चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि मीडिया की रिपोर्ट हमारे उलट थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाली क्षवि के कारण भाजपा का पलड़ा कांग्रेस पर भारी पड़ गया। कहा कि राजनीति में मौके का फायदा उठाना बड़ी सीख होती है। भाजपा कार्यकर्ताओं को भी तीन राज्यों में जीत के मौके को न भूलना है और नहीं जनता को भूलने देना है। ऐसे में भाजपा के पक्ष में बने गर्म माहौल को अपने पक्ष में बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वर्तमान में गांव गांव पहुंच रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा की खूबियों को बताते हुए हर भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि को इससे जुड़ने की नसीहत दी। उन्होंने नमो ऐप को लेकर पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान को विस्तार से बताया और गोरखपुर क्षेत्र में बेहतर प्रयास के लिए तारीफ की। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती 25 दिसंबर को सुशासन के रूप मनाने की तैयारी पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता न रह जाए। इस कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा लाए गए बदलाव को जनता के बीच ले जाने की जरूरत है।
उन्होंने गोरखपुर में एम्स, फर्टिलाइजर और अन्य विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में गोरखपुर का नक्शा बदला, बदला सा है। वर्ल्ड क्लास की मेडिकल सुविधाएं यहां मौजूद हैं। जापानी इंसेफेलाइटिस की महामारी का उन्मूलन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस बीमारी को दस साल बाद लोग भूल जायेंगे। उन्होंने भाजपा सरकारों के सुशासन के साथ गैर भाजपा सरकारों के समय कुशासन को भी जनता के बीच ले जाने को कहा।
आगामी 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के कार्यक्रम को अपना कार्यक्रम मानते हुए हर भाजपा कार्यकर्ता से गुरुद्वारा में जाकर गुरु गोविंद सिंह के दोनों पुत्रों के शहादत को नमन करने का आह्वान किया। तीनों राज्यों में नए मुख्यमंत्री बनने के मुद्दे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा निर्णय करके पार्टी यह संदेश देने में सफल रही कि भाजपा में कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री बन सकता है। विपक्ष द्वारा उठाए गए सवाल पर कहा कि
हमारा रास्ता सही है, इसलिए जीत हमारी हो रही है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने गोरखपुर क्षेत्र के संगठनात्मक वस्तु स्थिति से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराते हुए सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया। आभार प्रदेश महामंत्री व गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने जताया।












Click it and Unblock the Notifications