Gonda: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, फिर गड्ढे में पलटी, सड़क हादसे में गई चार दोस्तों की जान
Gonda Accident News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने शवों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दे दी है। इस हादसे पर सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार की देर रात इटियाथोक थाना अंतर्गत बेंदौली गांव के पास हुआ है।

इस हादसे में चार दोस्त धर्म सिंह, अभिषेक साहू, दीपू मिश्रा और राम बचन पांडेय की जान चली गई। ऐसा बताया जा रहा कि यह चारों बोलेरो कार से खरगूपुर मार्ग की तरफ जा रहे थे। तभी उनकी कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलट गई।
ऐसा बताया जा रहा है कि पेड़ से टकराने के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। वहीं, टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने ही हादसे की जानकारी पुलिस को दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे गई।
बोलेरो कार में फंसे चारों दोस्तों को पुलिस ने बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। मगर, चारों की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कहा है कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।












Click it and Unblock the Notifications