कहां दफनाया जाएगा मुख्तार को? गाजीपुर आवास पर समर्थकों की भारी भीड़, फोर्स तैनात, डीएम-एसपी भी पहुंचे
Mukhtar Ansari death news: बांदा स्थित दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में गुरुवार रात 8:25 बजे माफिया मुख्तार अंसारी की मौत हो गई। मुख्तार अंसारी की मौत हो जाने के बाद गाज़ीपुर स्थित मुख्तार के घर पर काफी संख्या में मुख्तार के समर्थक पहुंचे हैं।
लोग मुख्तार के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुख्तार अंसारी के शव का पोस्टमार्टम बांदा मेडिकल कॉलेज में होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उसके बाद परिजन शव लेकर गाजीपुर आएंगे तथा मुख्तार अंसारी के घर के समीप काली बाग कब्रिस्तान में मुख्तार के शव को दफन किया जाएगा।

मुख्तार अंसारी के घर पर भारी संख्या में समर्थकों के पहुंचने के बाद वहां फोर्स की भी तैनाती की गई है। वहीं गाजीपुर जिला अधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मुख्तार अंसारी के पैतृक आवास पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
पांच डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम
यह भी बता दें कि रात में अस्पताल में परिजनों के पहुंचने के बाद पांच डॉक्टरों के पैनल द्वारा मुख्तार अंसारी का पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पोस्टमार्टम किए जाने के बाद पुलिस फोर्स और सेंट्रल फोर्स के साथ मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर के लिए ले जाया जाएगा।
मुख्तार के शव को बांदा से लेकर गाज़ीपुर जाने के लिए रूट प्लान भी तैयार कर लिया गया है। उसी के अनुसार मुख्तार का शव गाजीपुर पहुंचाया जाएगा। गाजीपुर में मुख्तार अंसारी के घर से करीब 400 मीटर दूर पर स्थित काली बाग कब्रिस्तान में मुख्तार के शव को दफन किया जाएगा।
मध्य रात्रि में भी जुटते रहे लोग
मुख्तार अंसारी की मौत के बाद से ही गाजीपुर स्थित मुख्तार अंसारी के घर लोगों का आगमन प्रारंभ हुआ जो देर रात तक चलता रहा। हालांकि मुख्तार अंसारी के बड़े भाई शिवगतुल्लाह द्वारा वहां एकत्र हो रहे सभी लोगों को अपने-अपने घर वापस जाने के लिए कहा जा रहा है।
आसपास के लोग तो अपने घर लौट रहे हैं लेकिन दूर-दराज से मुख्तार को जानने वाले लोग भी गाड़ियों से गाजीपुर पहुंच रहे हैं, इसलिए भीड़ बढ़ती जा रही है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर डटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications