गाजीपुर: गंदे टॉयलेट को साफ करते नजर आए बेसिक शिक्षा अधिकारी, Video हुआ वायरल
गाजीपुर बीएसए द्वारा टॉयलेट साफ किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिले के नूरपुर विद्यालय में निरीक्षण के दौरान गंदे टॉयलेट देखकर बीएसए उसे अपने हाथों से साफ करने लगे
गाजीपुर, 26 सितंबर : गाजीपुर जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा टॉयलेट साफ किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि एक स्कूल में निरीक्षण के दौरान स्कूल के गंदे टॉयलेट को देखकर बेसिक शिक्षा अधिकारी अपने हाथों में ब्रश लेकर उसे साफ करने लगे। टॉयलेट को साफ करने के साथ ही उन्होंने लोगों को स्कूल परिसर में गंदगी न करने और स्वच्छता को लेकर के जागरूक भी किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा टॉयलेट साफ करते समय वहां पर मौजूद किसी अध्यापक द्वारा वीडियो बना लिया गया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वीडियो को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भी अपने ऑफिशियल टि्वटर हैंडल ट्वीट किया है।
Recommended Video

विद्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे थे बीएसए
जानकारी अनुसार परिषदीय विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत अध्यापक व गांव के लोगों को विद्यालयों में स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में गाजीपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव शनिवार को गाजीपुर जिले के नूरपुर सदर में स्थित प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी देखकर वे खुद साफ सफाई करने लगे।

परिसर में लगाए झाड़ू और साफ किए टॉयलेट
स्कूल परिसर में पहुंचने पर वहां पर फैली गंदगी को देखकर बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव सफाई कर्मी से झाड़ू मंगवाए और अपने हाथों से झाड़ू लगाने लगे। यह सब देखकर ग्राम प्रधान और विद्यालय में तैनात अध्यापक भी साफ सफाई करने लगे। इसी दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी जब टॉयलेट के पास पहुंचे तो टॉयलेट काफी गंदा दिखाई दिया। उसके बाद ब्रश लेकर वे खुद टॉयलेट को साफ करने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद किसी अध्यापक द्वारा टॉयलेट साफ करते समय का वीडियो बना लिया गया।

जागरूक करने के साथ बच्चों संग किए भोजन
साफ सफाई करने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किए। उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने घर और आसपास भी वे इसी तरह से झाड़ू लगाकर साफ सफाई कर सकते हैं, घर के आसपास साफ सफाई करने पर बीमारियां नहीं फैलेंगी और स्वच्छ वातावरण पढ़ाई करने में भी आसानी होगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क में स्वास्थ्य विचारों का भी संचार होता है ऐसे में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों और विद्यालय के स्टाफ के साथ टाट पट्टी पर बैठकर भोजन भी किया।












Click it and Unblock the Notifications