गाजियाबादः निकाह की जल्दबाजी ने दूल्हे को पहुंचा दिया जेल, सोचा था रास्ते में नहीं मिलेगी पुलिस
गाजियाबाद। देश में कोरोना के बढ़ते असर को देखते हुए लॉकडाउन लागू है, जिसके तहत किसी भी तरह के कार्यक्रम के आयोजन पर पूर्ण रूप से मनाही है। लेकिन कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना इलाके का है, जहां लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दूल्हा सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा
इस मामले पर एसपी देहात नीरज कुमार जादौन ने बताया कि कोरोना वायरस के असर को रोकने के लिए देश में सरकार ने लॉकडाउन किया हुआ है। इसके चलते जिले में धारा 144 सीआरपीसी लागू कर सामाजिक और धार्मिक आदि सभी तरह के कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। थाना मुरादनगर पुलिस रविवार की रात रावली रोड तिराहे नेशनल हाईवे -58 पर चेकिंग कर रही थी।

निकाह के लिए जा रहे थे मेरठ
इसी दौरान पुलिस को दो कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब दोनों कार को रोककर चेकिंग की तो उसमें दूल्हा सहित सात लोग सवार थे। पुलिस ने उनसे लॉकडाउन के उल्लंघन का कारण और परमिशन मांगा तो उन्होंने असमर्थता जता दी। पूछताछ में बताया कि वे लोग ताजुद्दीन बदरुद्दीन निवासी मोहल्ला नूरगंज थाना मुरादनगर से आए हैं और बारात लेकर मेरठ जा रहे हैं।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
उन्होंने सोचा कि रात के वक्त पुलिस नहीं मिलेगी और लॉकडाउन के चलते गाड़ी भी निकल जाएगी। अगले दिन वे निकाह कर रात में ही वापस आ जाएंगे। एसपी ने बताया कि जब वे लोग बारात ले जाने की अनुमति पक्ष नहीं दिखा पाए तो सभी 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications