गाजियाबाद में टाटा स्टील के नेशनल हेड की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां टाटा स्टील के नेशनल बिजनेस हेड विनय त्यागी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। शुक्रवार देर रात शालीमार गार्डन में खेतान पब्लिक स्कूल के पास सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे।
इस दौरान एक राहगीर ने उन्हें देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद विनय को नरेंद्र मोहन अस्पताल लाया गया। लेकिन यहां उनका देहांत हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को तलाश रही है। साथ ही कई लोगों से इस मामले में पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे मकसद अभी तक सामने नहीं आ सका है।
विनय के परिवारवालों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फॉरेंसिक टीम भी इस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपी की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
विनय त्यागी राजेंद्र नगर के सेक्टर 5 में रहते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह लूट का मामला हो सकता है। कुछ अज्ञात लोगों ने लूट के इरादे से उनपर हमला किया हो।
पुलिस का कहना है कि 3 मई की रात तकरीबन 11.30 बजे विनय त्यागी की परिवार से फोन पर लंबी बात हुई थी। फोन पर बात के कुछ घंटों बाद वह खून से लथपथ अवस्था में पाए गए।












Click it and Unblock the Notifications