Ghaziabad Robbery Viral Video: दो मिनट में लाखों के जेवर लेकर बदमाश फरार, बेटे पर तान दी थी पिस्टल
गाजियाबाद में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दिनदहाड़े तमंचे के बल पर एक ज्वेलरी शॉप को लूट कर आराम से फरार हो गए। दोपहर 3 बजे यह बदमाश दुकान में करीब 2 मिनट तक रुके और लगभग 5 लाख की ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ़ कर चलते बने। वहीं इस पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इस वीडियो के आधार पर ही आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट
बता दें कि गाज़ियाबाद की DLF कॉलोनी निवासी रिजवान अहमद की भगत सिंह चौक के पास "सुहाग ज्वेलर्स" नाम से शॉप है। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जब शॉप पर रिजवान अहमद और उनके बेटा-बेटी मौजूद थे, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक चेहरे पर गमछा और मास्क पहने दुकान के अंदर आए। इस दौरान मास्क वाले व्यक्ति ने पिट्ठू बैग भी लटका रखा था।

जब बेटे पर तान दी पिस्टल, पिता ने कर दिया सरेंडर
शॉप के अंदर आते ही काउंटर पर बैठे रिजवान अहमद के 16 साल के बेटे रिहान ने उनसे पूछा कि क्या चाहिए? इस पर दोनों बदमाश अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए सारे जेवरात बैग में भरने के लिए कहने लगे। इससे पहले की रिजवान कुछ समझ पाते बदमाशों ने उनके बेटे पर पिस्टल तान दी। जिसके बाद रिजवान ने हाथ जोड़कर बदमाशों से कहा कि आपको जो चाहिए, ले जाओ।

दो मिनट में लाखों के जेवर और नकदी लेकर बदमाश फरार
दुकान मालिक के सरेंडर करते ही एक बदमाश ने शोकेश और काउंटर में रखे सोने और चांदी के जेवरात समेत काउंटर में रखे 30 हजार रुपए अपने बैग में भर लिए। इसके बाद वे पीछा करने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए। इस पूरी घटना को अंजाम देने में बदमाशों को करीब दो मिनट का समय लगा। उधर बीच बाजार में हो रही लूट की किसी को खबर तक नहीं लगी।

लोकल के ही थे बदमाश
जब बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी ने शोर मचाया तब अन्य लोग इकट्ठा हुए और शालीमार गार्डन थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लूटे गए जेवरात की रकम 5 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं DCP विवेक चंद्र यादव ने बताया कि बदमाशों की बातचीत का लहजा लोकल है। ये एरिया भी दिल्ली बॉर्डर से सटा हुआ है। संभवत रेकी के बाद वारदात की गई है। पुलिस, बदमाशों की तलाश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications