Video: हिजाब पहने प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं पर लाठीचार्ज, अब गाजियाबाद पुलिस ने कहा हुई थी धक्की-मुक्की
गाजियाबाद, 16 फरवरी: कर्नाटक के हिजाब विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में हिजाब पहने हुईं महिलाओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। तो वहीं, अब इस वीडियो पर पुलिस की सफाई सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारी महिलाओं ने एवं मौके पर मौजूद अन्य व्यक्तियों द्वारा महिला पुलिस कर्मियों एवं अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई।

सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो 13 फरवरी का बताया जा रहा है। हालांकि, ये वायरल वीडियो कब का है और कहां का इस बात की पुष्टि hindi.oneindia.com नहीं करता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 20-25 महिलाएं और पुरुष हिजाब के पक्ष में प्रदर्शन करने पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, इनके पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। जब इन्हें रोका गया तो इन्होंने पुलिस के साथ हाथापाई की। पुलिस के अनुसार, इनके हाथ मे सरकार विरोधी पोस्टर थे। जिन्हें पुलिस ने उनसे छीन लिया था।
इसी बीच सभी प्रदर्शनकारी वहां से भाग गए। पुलिस ने अपनी तरफ से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में एक रईस नाम का शख्स भी है। खोड़ा इंस्पेक्टर बृजेश कुशवाहा बताया कि इस घटना से जुड़ा 30 सेकेंड का एक वीडियो बुधवार को सामने आया है। इसमें कुछ महिलाएं सड़क किनारे खड़े होकर प्रदर्शन कर रही हैं। पुलिसकर्मी उन पर लाठियां भांजते हुए नजर आ रहे हैं। एक महिला पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी के बीच हाथापाई का फुटेज भी मिला है। यह वीडियो पास की बिल्डिंग की छत पर खड़े शख्स के द्वारा मोबाइल से बनाई गया है, जो अब वायरल हो रहा है। पुलिस ने बताया कि यह वीडियो उसी प्रोटेस्ट का है।
खोड़ा इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी नजर मोहम्मद है, जो फरार है। वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से जुड़ा हुआ है। नजर मोहम्मद इस पार्टी में किस पद पर है, अभी इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। ओवैसी की पार्टी की कॉल बताकर महिलाओं को इकट्ठा किया गया था। महिलाओं को जुटाने की जिम्मेदारी मुस्कान पर थी। उन्हें बैनर-पोस्टर, लाउड हेलर व अन्य सामान नजर मोहम्मद और राशिद ने मुहैया कराए थे।












Click it and Unblock the Notifications