यूक्रेन में फंसे गाजियाबाद के एक दर्जन छात्र, भारत सरकार से लगाई मदद की गुहार
गाजियाबाद, 28 फरवरी: यूक्रेन पर रूस के हमले ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच भारत सरकार लगातार अपने देश के लोगों को वापस लाने के लिए कोशिशें कर रहा है। इस बीच गाजियाबाद के करीब एक दर्जन छात्रों का वीडियो सामने आया है, जो यूक्रेन में फंसे हैं। विधायक असलम चौधरी ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर बच्चों को वापस लाने की गुहार लगाई है। वीडियो में छात्रों ने कहा कि सरकार की ओर से उनकी मदद की जा रही है, वह चाहते हैं भारत उनकी मदद करे और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाए।

यूक्रेन के राजदूत ने क्या कहा ?
यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने सोमवार को दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा, 'हर दिन हम पर बम बरसाए जा रहे हैं, रूस ही नहीं बेलारूस की तरफ़ से भी हमला किया जा रहा है। अब तक 16 बच्चे मारे गए हैं। चिल्ड्रन पॉलिक्लिनिक और किंटरगार्टन तक को निशाना बनाया गया है।' उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्ध अपराधों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अदालत गया है। हम इस संकट के समय में भारत के लोगों के शुक्रगुज़ार हैं जो फूल और मोमबत्ती लेकर एंबेसी के बाहर आकर हमारा हौसला बढ़ा रहे हैं।
यूक्रेन युद्ध का आज पांचवां दिन
बता दें, यूक्रेन युद्ध का आज यानि सोमवार को पांचवां दिन है। रूस ने राजधानी कीव की घेराबंदी और भी ज्यादा बढ़ा दी है। इस बीच स्थिति और भी खराब होती जा रही है और पुतिन के न्यूक्लियर फोर्सेस को एक्टिवेट करने के बाद तीसरे विश्वयुद्ध और न्यूक्लियर हथियारों के इस्तेमाल की आशंका भी बढ़ गई है। इस बीच यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल में यूक्रेन युद्ध पर एक बार फिर से वोटिंग की गई, जिसमें एक बार फिर से भारत, चीन और संयुक्त अरब अमीरात वोटिंग से गैर-हाजिर रहे, जबकि यूएनएससी में 40 सालों के बाद संयुक्त राज्य महासभा की स्पेशल सेशन बुलाने की मंजूरी दे दी गई। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में भी रूस के खिलाफ अर्जी दी है। जिसमें उन्होंने रूस पर मासूम लोगों के नरसंहार का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications