70 लाख गबन की आरोपी इंस्पेक्टर लक्ष्मी चौहान रिमांड पर, पुलिस को चकमा देकर किया था सरेंडर
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लिंक रोड थाने की इंचार्ज रही इंस्पेक्टर लक्ष्मी चौहान को पुलिस ने 24 घंटे रिमांड पर लिया है। लक्ष्मी चौहान पर 70 लाख रुपये हड़पने के आरोप हैं। यह रकम लुटेरों से बरामद किए गए 1 करोड़ रुपयों में से थी। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि लक्ष्मी चौहान के साथ छह पुलिसकर्मी इस कांड में शामिल हैं। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने कुर्की के आदेश दे दिए थे। साथ ही सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था। हालांकि, लक्ष्मी ने पिछले दिनों पुलिस को चकमा देकर एंटी करप्शन कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।

शनिवार सुबह जेल से बाहर लाई गई
अब एंटी करप्शन कोर्ट ने लक्ष्मी चौहान को 24 घंटे के लिए पुलिस को सौंप दिया। इस रिमांड अवधि में पुलिस लक्ष्मी चौहान से पूछताछ करने के साथ ही रकम बरामद करने के लिए निशानदेही भी कराएगी। जांच अधिकारी और क्षेत्राधिकारी द्वितीय आतिश कुमार सिंह ने बताया कि आज इंस्पेक्टर लक्ष्मी चौहान का मेडिकल कराया जाएगा। फिर जेल से बाहर निकालेंगे।'

यह है पूरा मामला
24 सितंबर को थाना लिंक रोड की महिला एसएचओ लक्ष्मी चौहान और उनकी टीम ने एक बैंक के एटीएम की रकम गायब करने के आरोपियों को पकड़ा था। कागजातों में उन्होंने आरोपियों के कब्जे से बरामद रकम 30 लाख दर्ज कराई, जबकि कुल रकम 1 करोड़ थी। उसके बाद सीसीटीवी फुटेज और लुटेरों के बयान से मामले का भंडाफोड़ हुआ। इस मामले में एसएचओ लक्ष्मी चौहान, दारोगा नवीन पचौरी एवं बच्चू सिंह, फराज, धीरज, सौरभ, सचिन आदि अन्य 5 सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इन सब पर लुटेरों से बरामद करीब एक करोड़ की रकम में से 70 लाख रुपये गायब करने के आरोप लगे।












Click it and Unblock the Notifications