वकील की ड्रेस में 'अंकित पंडित' का कोर्ट में सरेंडर, 5 दिन पहले साथी को पुलिस ने एनकाउंटर में किया था ढेर
बदमाशों में यूपी पुलिस का खौफ कुछ इस कदर है कि 50 हजार का इनामी बदमाश वकील की ड्रेस में छिपते-छिपाते कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा। दरअसल, 2 जून को इसी बदमाश के साथ मोनू चौधरी को पुलिस ने मार गिराया था।

गाजियाबाद में 2 जून को 50 हजार के इनामी बदमाश मोनू उर्फ़ विशाल चौधरी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी थी। वहीं विशाल चौधरी के साथ वाला दूसरा बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गया था। आज यानी गुरुवार दोपहर इसी 50 हजार के इनामी फरार बदमाश अंकित पंडित ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। विशाल चौधरी के साथ ये भी मुरादनगर के मोबाइल व्यापारी मुकेश गोयल हत्याकांड में वांटेड चल रहा था।
सता रहा था एनकाउंटर का डर, साथी पहले ही हो चुका है ढेर
बता दें कि अंकित मसूरी थाना क्षेत्र में नूरपुर गांव का रहने वाला है। अंकित पर गंभीर धाराओं में करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं। अंकित पर पहले 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। मगर 23 मई को मुरादनगर कस्बे में मोबाइल व्यापारी मुकेश गोयल की हत्या के बाद अंकित पर इनाम राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी गई थी। वहीं 2 जून को अंकित के साथी मोनू उर्फ़ विशाल चौधरी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। जिससे अंकित को भी एनकाउंटर का डर था। मोनू चौधरी के एनकाउंटर के दौरान ये भी मौके पर मौजूद था लेकिन पुलिस से बचकर भाग निकला था।
Recommended Video

वकील की ड्रेस पहन कर पहुंचा कोर्ट, किया सरेंडर
सूत्रों ने बताया कि एनकाउंटर से बचने के लिए अंकित ने कोर्ट में सरेंडर अर्जी डाल दी थी। इसलिए पुलिस कोर्ट परिसर के आसपास भी मुस्तैद थी। लेकिन अंकित पंडित वकील की ड्रेस पहनकर कोर्ट में आया और सरेंडर कर दिया। वकील के भेष में पुलिस को बदमाश ने चकमा दे दिया और वकील के माध्यम से सरेंडर कर दिया। पुलिस को सरेंडर के बाद इसका पता चला। पुलिस काफी समय से इसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।












Click it and Unblock the Notifications