गाजियाबाद: पूर्व महिला पार्षद ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पति गिरफ्तार
गाजियाबाद। राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में पूर्व महिला पार्षद ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का आरोप है कि ससुरालवाले दहेज के लिए लगातार महिला को प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
11 साल पहले हुई थी गीता की शादी
दरअसल, दिल्ली की रहने वाली 35 वर्षीय गीता की शादी 28 अप्रैल 2009 में गाजियाबाद के विजय नगर में रहने वाले लोकेश के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि गीता के परिवार वालों ने शादी में 50 लाख रुपए खर्च किए गए थे। शादी के दौरान गीता गोकुलपुर क्षेत्र से निगम पार्षद थीं। आरोप है कि शादी के बाद ही ससुरालवाले गीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। यही नहीं दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गीता के साथ लगातार मारपीट की जाती थी।
चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार
मामला कई बार पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन आरोपी पुलिस से माफी मांग लेते थे और केस रफा-दफा कर दिया जाता था। रविवार को गीता ने फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच की जा रही है।