गाजियाबाद के पूर्व सांसद सुरेंद्र गोयल की कोरोना वायरस से मौत, दिल्ली में चल रहा था इलाज
गाजियाबाद। देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है। संक्रमण की चपेट में आकर रोजाना सैकड़ों मौतें हो रही हैं। इससे मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की सुबह गाजियाबाद के पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल का निधन हो गया। पूर्व सांसद की 30 जुलाई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पूर्व सांसद के पुत्र सुशांत गोयल ने उनके निधन की पुष्टि की है। पूर्व सांसद के निधन की खबर मिलते ही कांग्रेसी नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
Recommended Video
साल 2004 में पहली बार कांग्रेस से सांसद चुने गए थे सुरेंद्र गोयल
79 वर्षीय सुरेंद्र प्रकाश गोयल गाजियाबाद नगर पालिका के अध्यक्ष, विधायक एवं सांसद के रूप में कई बार निर्वाचित हुए थे। सुरेंद्र गोयल कांग्रेस के टिकट पर साल 2004 में संसद पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा के रमेश चंद तोमर को हराया था। कांग्रेस की राजनीति करते हुए पहली बार वह 1972 में नगर पालिका गाजियाबाद के सदस्य के रुप में चुने गए थे। 1973 में नगर पालिका के चेयरमैन बने और फिर 1989 में भी चेयरमैन बने। 2002 में शहर से विधायक चुने गए। साल 2004 में पहली बार कांग्रेस से सांसद चुने गए।
बेटे ने राज्यमंत्री से इलाज के लिए की थी फरियाद
बता दें, सुरेंद्र प्रकाश गोयल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद इलाज में मदद के लिए पूर्व सांसद के बेटे ने राज्य मंत्री अतुल गर्ग से भी फरियाद की थी।इसके बाद राज्य मंत्री अतुल गर्ग ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सिंह से फोन पर बातचीत करके बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने के लिए कहा था। जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद पिछले कई दिन से वेंटिलेटर पर थे। लगातार उनकी तबीयत खराब होती जा रही थी। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। परिवार के अन्य चार सदस्यों का भी कोरोना संक्रमण का इलाज सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा है।