88 साल के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कोरोना वायरस को हराया, यूपी में अब रिकवरी रेट 89.7 प्रतिशत
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता कल्याण सिंह कोरोना वायरस से मुक्त हो चुके हैं और उनको अस्पताल ने डिस्चार्ज कर दिया है। कल्याण सिंह गाजियाबाद में कौशांबी के निजी अस्पताल में भर्ती थे। कल्याण सिंह 88 साल के हैं। 16 सितंबर को उनको इलाज के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ से एयर एंबुलेंस से कौशांबी स्थित यशोदा हॉस्पिटल लाया गया था। रविवार को उनकी कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट निगेटिव आई और सोमवार को उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कोरोना वायरस से जंग जीतने के बाद जब कल्याण सिंह बाहर निकले तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाए।

यशोदा अस्पताल में 10 डॉक्टरों की टीम कल्याण सिंह के उपचार में जुटी रही। टीम के सदस्य डॉक्टर अंकित सिन्हा के मुताबिक कल्याण सिंह की सेहत में बहुत सुधार है। करीब एक महीने पहले कल्याण सिंह को खांसी की शिकायत हुई थी जिसके बाद उनको एसजीपीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था। वहां उनकी कोरोना वायरस जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। प्रदेश में अब तक 3,93,908 लोग इस बीमारी से मुक्त हो चुके हैं और रिकवरी रेट 89.7 प्रतिशत है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि रविवार को 1, 42, 244 सैंपल्स की जांच की गई। 24 घंटे के अंदर प्रदेश में 2,234 नए मरीज मिले हैं और 3,342 लोग ठीक हो चुके हैं।
अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट आ रही है। जितने नए मरीजों के मामले सामने आ रहे हैं, उससे ज्यादा लोग ठीक होकर घर जा रहे हैं। इस वजह से आज सक्रिय मामलों की संख्या 40 हजार से कम हो चुकी है। संक्रमितों में से अब तक 6,438 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या में गिरावट आई है जो कि अच्छा संकेत हैं। रविवार को 40 मरीजों की मृत्यु हुई है।












Click it and Unblock the Notifications