Delhi-Meerut Expressway : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहन लेकर गए तो देना होगा 20 हजार रु जुर्माना
गाजियाबाद, 08 अगस्त: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अब अगर दोपहिया वाहन लेकर गए तो भारी पड़ सकता है। ट्रैफिक एसपी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि अब जो भी दोपहिया वाहन मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे पर चलता हुआ पाया जाएगा, उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में जुर्माने की राशि 20,000 रुपए तक हो सकती है। इसके अलावा दोपहिया वाहन को सीज भी किया जाएगा।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की वजह से लगातार हो रहे थे हादसे
बता दें, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की वजह से लगातार हादसे हो रहे थे। इसको लेकर पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहनों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। शनिवार को पुलिस ने 217 वाहनों के 20-20 हजार चालान काटे और 10 वाहनों को सीज किया है। दिल्ली और मेरठ से ही दोपहिया वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाते हैं और बीच वाली लेन में चलने लगते हैं। इस कारण 100-120 प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहे चार पहिया वाहनों को दिक्कत होती है और हादसों का शिकार हो जाते हैं।
सड़क हादसों में इस साल अब तक 172 लोगों की जान गई
आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक सड़क हादसों में 172 लोगों की जान गई है। पुलिस का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर साइन बोर्ड लगे होने के बावजूद लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं और नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर सख्ती बढ़ा दी गई है। अब लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बीते शनिवार को प्रतिबंधित 217 वाहनों के चालान काटे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications