गाजियाबाद को मिली दो नए थानों की सौगात, क्रासिंग रिपब्लिक और वेव सिटी थाने का एडीजी ने किया उद्घाटन
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरे भारत में अपनी कानून व्यवस्था के लिए जानी जाती है। योगी राज में अपराधियों की जो दशा है उसमे एक बड़ा हाथ यूपी पुलिस का भी है। इसी दिशा में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने की ओर कदम बढ़ाते हुए योगी सरकार ने 13 सितंबर को प्रदेश के 13 जिलों में 18 नए थानों की स्थापना को मंजूरी दी थी। जिनमे से गाजियाबाद में विजय नगर थाने को काटकर क्रासिंग रिपब्लिक थाना और मसूरी व कविनगर को काटकर वेव सिटी थाना बनाने की मंजूरी भी मिली थी। इन्ही दोनों थानों का एडीजी राजीव सभरवाल ने उद्घाटन किया है। एक थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के नाम से जाना जाएगा तो दूसरा वेव सिटी थाने के नाम से जाना जाएगा।

क्रॉसिंग रिपब्लिक और वेब सिटी थाने का उद्घाटन
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 15 नवंबर से 2 नए थाने अस्तित्व में आ गए। दो नए थानों के लिए 13 सितंबर को मिली मंजूरी के बाद दो महीने से थाने खुलने का लोग इंतजार कर रहे थे। इनमें से एक थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के नाम से जाना जाएगा। यह पहले विजय नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता था। अब यह नए थाने के रूप में अलग से काम करेगा। दूसरा वेब सिटी थाने के रूप में स्थापित किया गया है। यह पहले कवि नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता था। आबादी के हिसाब से काफी समय से नये थानों की मांग की जा रही थी। शासन की तरफ से मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को एडीजी राजीव सभरवाल ने इन दोनो थानों का उद्घाटन किया।

थाने शुरू होने का इंतजार हुआ खत्म
एसएसपी ने बताया कि एडीजी राजीव सबरवाल दोनों थानों का उद्धाटन करेंगे। इनमें से वेव सिटी थाना देहात क्षेत्र में तो क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने को शहर क्षेत्र में शामिल किया गया है। जिले से पांच थानों के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था लेकिन काफी समय बाद दो थानों के लिए 13 सितंबर को मंजूरी मिल गई। लेकिन लोगों को अब तक थाने शुरू होने का इंतजार था। दो महीने बाद आज दोनों थानों को शुरू किया गया। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि दोनों थानों के लिए थाना प्रभारी, अपराध निरीक्षक, दरोगा समेत सीसीटीएनएस के लिए कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल दे दिए गए हैं। थाने शुरू होते ही जल्द पूरी फोर्स तैनात कर दी जाएगी। राजीव सभरवाल ने थानों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कुछ जरूरी निर्देश भी दिए इसके साथ में क्रॉसिंगऔर बेव सिटी थाना क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को नए थाना क्षेत्र की बधाई दी।

बेहतर पुलिसिंग देखने को मिलेगी
वेव सिटी थाना कविनगर और मसूरी थाना क्षेत्र से अलग करके बनाया गया। वेव सिटी थाने में लाल कुआं चौकी, वेव सिटी चौकी, दूधिया पीपल चौकी और डासना चौकी को शामिल किया गया है। जबकि क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने को विजयनगर थाने से अलग करके बनाया गया है। इसमें क्रॉसिंग रिपब्लिक चौकी, बाइपास चौकी और जल निगम चौकी का कुछ अलग करके नई चौकी बनाई जाएगी। इसका नाम बहरामपुर चौकी होगा। इसके लिए जमीन भी चिन्हित कर ली गई है।
प्रवीण कुमार आईजी मेरठ रेंज ने बताया आबादी के हिसाब से दो लाइन थानों का गठन किया गया है। लोगों को अब बेहतर पुलिसिंग देखने को मिलेगी और सारे निवासियों को बेहतर कानून व्यवस्था मुहैया कराई जा सकेगी। अभी और भी नए थाने प्रस्तावित है, जिनकी शासन से मंजूरी मिलने के बाद उन्हें मूर्त रूप दिया जाएगा ।

इन थानों को भी मिली मंजूरी
उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेश के 13 जिलों में 18 नए थानों की स्थापना को मंजूरी दी थी। प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किये गए थे। इसमें गाजियाबाद, कुशीनगर, कानपुर देहात, देवरिया और औरय्या जिले में दो-दो नए थाने स्वीकृत किए गए हैं।
आदेश के अनुसार गाजियाबाद में विजय नगर थाने को काटकर क्रासिंग रिपब्लिक थाना और मसूरी व कविनगर को काटकर वेव सिटी थाना बनाया जाएगा। इसी तरह कुशीनगर में पटहरेवा को काटकर चौराखास और पडरौना को काट कर रविंद्र नगर धूस थाना बनाया जाएगा। इसी तरह कानपुर देहात के शिवली थाने को काटकर मैथा (मांडा) थाना और रनियां पुलिस चौकी को उच्चीकृत करते हुए उसे थाना बनाने का फैसला किया गया है।
देवरिया के थाना रूद्रपुर को काटकर सुरौली और खामपार एवं बनकटा को काटकर श्रीरामपुर थाने की स्थापना को मंजूरी दी गई है। औरय्या में कुदरकोट और सहार थाने को शासन ने मंजूरी दी है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी में उचौलिया, कौशांबी में संदीपनघाट, अमेठी में इन्हौना, लखनऊ ग्रामीण में रहीमाबाद, प्रयागराज में एयरपोर्ट थाना, फतेहपुर में राधा नगर, सुल्तानपुर में शिवगढ़ और अयोध्या में बाबा बाजार थाने को मंजूरी दी गई है। इन थानों का भी जल्दी ही उद्घाटन किया जाएगा और जल्द ही पदों का सृजन भी शुरू होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications