3.26 लाख वोटों से अहमदाबाद में जीते थे परेश रावल, इस बार क्यों करना पड़ा चुनाव लड़ने से इनकार?
Gujarat News In Hindi, गांधीनगर। गुजरात भाजपा के 25 उम्मीदवारों के नाम घोषित होने से पहले फिल्म स्टार और अहमदाबाद पूर्व बैठक के सांसद परेश रावल ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। स्थानीय लोग उन्हें लेकर कहते रहे थे कि वे अपने संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं से दूर हो गए हैं। एक सम्मेलन में क्षेत्रिय भाजपा के नेताओं पर परेश ने गंभीर आरोप भी लगाये थे।

अब जबकि, भाजपा गुजरात में अपने बाकी 25 लोकसभा के उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली है तो क्षेत्रीय भाजपा नेताओं ने परेश रावल को दोबारा लोकसभा का टिकट नहीं देने की मांग करनी शुरू कर दी। जिसके चलते, पार्टी के उच्चायोग ने परेश रावल की जगह स्थानीय नेता को टिकट देने की तैयारी शुरू कर दी। दूसरी ओर, टिकट को लेकर संशय में आये परेश रावल ने कहा, "मैं लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहता।"
परेश रावल ने कहा कि मैं अहमदाबाद के मतदाताओं का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे लोकसभा चुनाव में पांच साल के लिये सेवा करने का अवसर दिया है। मैं इस बार चुनाव नहीं लड़ना चाहता, लेकिन मैं हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का समर्थन करता रहूंगा। मैं भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए भी तैयार हूं।
परेश रावल कहते हैं कि राजनीति में समय की बहुत परेशानी होती है, मैं मेरी फिल्मों की शूटिंग में भी समय नहीं दे पा रहा हूं। मैं फिल्मों में व्यस्त हूं, इसलिए इस बार मैंने फैसला किया है कि, मैं चुनाव नहीं लडूंगा, लेकिन भाजपा और नरेंद्र मोदी के लिए काम करता रहूंगा।
पिछले साल दिवाली पर परेश रावल ने राज्य के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे और कहा था कि नरेंद्र मोदी ने अच्छे गुजरात का निर्माण किया है, लेकिन गुजरात के नेताओं ने गुजरात को बिगाड़ दिया है। नरेंद्र मोदी को हर चुनाव में प्रचार करने के लिए गुजरात आना पड़ता है तो यह हमारे लिए शर्मनाक है। मोदी के बनाए गुजरात से अलग गुजरात का निर्माण वर्तमान नेताओं ने किया है। वे मोदी के सपोर्ट के बिना आगे नहीं चल सकते हैं। परेश रावल के इन आरोपों को चलते स्थानिय नेतृत्व ने परेश रावल के खिलाफ हाइकमांड को शिकायत की थी।
2014 के लोकसभा चुनाव में परेश रावल ने अहमदाबाद पूर्व सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के उम्मीदवार हिम्मत सिंह पटेल को हराया था। इस सीट से भाजपा के हरिन पाठक चुनाव जीतते चले आ रहे थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने हरिन पाठक का टिकट काट कर परेश रावल को दिलाया था।












Click it and Unblock the Notifications