गुजरात में भाजपा ने 35 लाख नए सदस्य बनाए, सिंगर और डॉक्टरों के बाद अब 200 वकील भी जुड़ेंगे
गांधीनगर। गुजरात में सत्ताधारी पार्टी भाजपा लगातार अपने सदस्यों में इजाफा कर रही है। सदस्यता अभियान के तहत पार्टी ने 50 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश आलाकमान के मुताबिक, अब तक 35 लाख लोग जुड़ चुके हैं। इसी महीने की शुरूआत में 41 नामचीन डॉक्टरों ने भाजपा की सदस्यता ली थी। जिसके बाद 15 भजन कलाकार भी जुड़ गए। अब 200 वकील भी भगवा दामन थामने को तैयार हैं। यानी, राज्य के अलग-अलग तबके के नामचीन लोग भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत भगवा स्कार्फ पहन रहे हैं।

भजनकार हेमंत चौहान भी भाजपा में शामिल
संवाददाता के अनुसार, भजनकार हेमंत चौहान, लोक गायिका संगीता लबादिया, बंकिम पाठक, गोपालदान बारोट और सिंगर किंजल दवे समेत 15 आर्टिस्ट्स भाजपा से जुड़े हैं। किंजल दवे गुजरात में युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय हैं। उनके कई गाने यूट्यूब पर हिट हुए हैं। वहीं, हेमंत चौहान भी ख्यात भजनकार हैं। उनका भजन "सीताराम के सत्संग में, राधे श्याम के रंग में तु रंगाई जा रंग में.." देशभर में लोकप्रिय हुआ है।

इन आर्टिस्ट्स ने भी ज्वॉइन की भाजपा
भाजपा ज्वॉइन करने वाले अन्य आर्टिस्ट्स में अमुदान गढ़वी, ब्रजराज लबादिया, बटुक ठाकोर, किर्तिदान गढ़वी, गुजराती फिल्म निर्माता राजेश ठक्कर, जीत ठक्कर और आरिफ मीर भी शामिल हैं। गुजरात भाजपाध्यक्ष जीतू वाघाणी ने सभी आर्टिस्ट्स को भाजपा में शामिल कराया।

यह बोले भजनकार हेमंत चौहान
भगवा स्कार्फ पहनते हुए हेमंत चौहान ने कहा, "अब सच में लगता है कि कश्मीर आजाद हो गया। यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया। मोदीजी ने भारत का सर उूंचा किया है। उनसे प्रेरणा लेकर ही हम पार्टी में जुड़े हैं।"

यह बोलीं किंजल दवे
मशहूर सिंगर किंजल दवे ने कहा, ''गुजरात के ही रहने वाले नरेंद्र मोदी जी ने जो किया है, वह पूरे भारत का गौरव हैं।'' वहीं, प्रदेशाध्यक्ष जीतू वाघाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औऱ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपलब्धियों पर देश गौरवंतित महसूस कर रहा है। कलाकारों का भाजपा में शामिल होना हमारे लिए गर्व की बात है।'












Click it and Unblock the Notifications