विदेशों में जा-जाकर की थी PM मोदी ने अपील, फिर भी NRI नहीं ले रहे लोकसभा चुनाव में दिलचस्पी
Gujarat News, गांधीनगर। विदेशों में रहने वाले भारतीय शायद इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर गंभीर नहीं हैं। इसकी बानगी है कि एनआरआई परिवारों में से केवल 93 लोगों ने गुजरात से अपना पंजीकरण करवाया है। यानी, बाहर से वोट देने वालों की संख्या अभी के हिसाब से देखें तो कम ही है। गुजरात के लिए यह निराशाजनक लग रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब विदेश प्रवास में होते हैं, तो वह भी चुनाव में वोट डालने के लिये अपील करते रहे हैं, मगर कम रजिस्ट्रेशन देख लगता है कि उनकी अपील का असर विदेशी मतदाताओं पर पड़ा नहीं है।

प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बावजूद नहीं ली दिलचस्पी
चुनाव आयोग में लोकसभा चुनाव के लिये अनिवासी गुजराती यानि, एनआरजी के 93 पंजीकरण राज्य के अलग-अलग जिलों से हुए हैं। जबकि, एनआरजी की संख्या बहुत ज्यादा है। इस पर चुनाव अधिकारी का कहना है कि सरकार के प्रयासों के बावजूद विदेशी गुजरातियों में मतदान करने की जागरुकता की कमी देखी गई है। चुनाव के समय बिन निवासी गुजराती परिवार भारत में ट्रैवल करते हैं, लेकिन अधिकार होने के बावजूद वह वोट डालने नहीं जाते हैं।

2014 में लोकसभा चुनाव में 11 मतदाता विदेशी थे
गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस मुरली कृष्णा ने कहा है कि 2014 में लोकसभा चुनाव में 11 मतदाता विदेशी मतदाता के रूप में पंजीकृत थे। 2017 में विधानसभा के चुनाव दौरान यह संख्या बढकर 64 हो गई थी। अब विदेशी गुजराती मतदाताओं की संख्या बढ़कर 93 हो गई है। हालांकि, विदेशों में रहने वाले गुजरात के लोगों की तुलना में ये पंजीकरण बहुत कम हैं।

कम संख्या के लिए मुख्य कारण क्या हैं?
अधिकारी ने बताया कि इतनी कम संख्या के लिए मुख्य कारण यह है कि विदेशी मतदाताओं को निर्वाचन क्षेत्र में आना पड़ता है, क्योंकि ऑनलाइन मतदान या डाक मतपत्रों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। एनआरआई मतदाताओं को चुनावी फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) नहीं मिलते हैं, हालांकि, वे अपने पासपोर्ट के आधार पर वोट कर सकते हैं।
गुजरात: लोकसभा चुनाव 2019 से जुड़ी सभी जानकारी यहां पढ़ें
भारतीय पासपोर्ट रखने वाले कई एनआरआई चुनाव कार्ड रखते हैं, इसलिए जब भी वे गुजरात में होते हैं तो वे सामान्य मतदाताओं के रूप में मतदान करना पसंद करते हैं। लेकिन पिछले चुनावों में पता चला है कि, कुछ एनआरआई गुजरात के दौरे पर होते हैं फिर भी मत डालने के लिये नहीं जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications