गुजरात: भूकंप से हिली बनासकांठा की धरा, पालनपुर से 30 किमी उत्तर-पश्चिम में था केंद्र
गांधीनगर। गुजरात में बनासकांठा जिले में रविवार को भूकंप से धरती हिली। भूकंप का केंद्र पालनपुर से 30 किमी उत्तर-पश्चिम में था, जिसके सुबह करीब 8.55 बजे झटके आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.2 मापी गई। गांधीनगर स्थित भूकंप अनुसंधान संस्थान से जुड़े अधिकारी ने बताया कि इस भूकंप से जान-माल का नुकसान होने की अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। इससे पहले जून माह में भी इस क्षेत्र में 4.3 तीव्रता का भूकंप आ चुका है। वहीं, 13 अक्टूबर को राजस्थान में भी भूकंप आया था। तब बीकानेर में भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई।

इन वजहों से कांप रही है धरती
भू-वैज्ञानिकों के मुताबिक, पृथ्वी 12 टैक्टोनिक प्लेटों पर स्थित है जिसके नीचे तरल पदार्थ लावा के रूप में है। ये प्लेटें लावे पर तैर रही होती हैं। इनके टकराने से ही भूकंप आते हैं। टैक्टोनिक प्लेट्स अपनी जगह से हिलती रहती हैं और खिसकती भी हैं। हर साल ये प्लेट्स करीब 4 से 5 मिमी तक अपने स्थान से खिसक जाती हैं। इस क्रम में कभी-कभी ये प्लेट्स एक-दूसरे से टकरा जाती हैं। जिनकी वजह से भूकंप आते हैं।
हिमालय और गुजरात क्षेत्र में भूकंपन ज्यादा
भारत में ज्यादातर भूकंप हिमालयी क्षेत्र में आते हैं। इसके अलावा गुजरात-बिहार जैसे प्रांत भी भारी तबाही झेल चुके हैं। पिछले महीने देश के कई राज्यों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भारत और पाकिस्तान में आए भूकंप से कई लोगों की जान भी चली गई थी। सितंबर में जो भूकंप पीओके में आया था, रिक्टर पैमाने पर उसकी तीव्रता 6.2 थी।












Click it and Unblock the Notifications