चक्रवात वायु: गुजरात की 60 लाख आबादी पर संकट, गांवों से 3 लाख लोग निकाले, NDRF की 51 टीमें अलर्ट
गांधीनगर। गुजरात के वेरावल से अरब सागर में करीब 300 किलोमीटर दूर उठे चक्रवाती तूफान 'वायु' से 10 जिलों के करीब 60 लाख लोगों के प्रभावित होने की आशंका है। सौराष्ट्र के 408 गांवों में रहने वाले लोग इसके दायरे में होंगे। यह बात गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कही है। पटेल ने भारतीय मौसम विभाग से मिल रही सूचनाओं को देखकर राज्य में भारी तबाही का अंदेशा भी व्यक्त किया है। बकौल नितिन पटेल, ''इस समुद्री तूफान से मकानों के क्षतिग्रस्त होने, छतों और धातु की चादरों को उड़ाने, बिजली और संचार लाइनों के बाधित होने और सड़कों और फसलों को बड़ी क्षति होने की संभावना है। इसलिए, कच्छ के कांदला बंदरगाह का अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। कई हवाई अड्डों पर उड़ानें रोक दी गई हैं। तटीय इलाकों में भूस्खलन होने का भी डर है।''

चक्रवात वायु के साथ भारी बारिश-भूस्खलन, 3 लाख लोग किए गए स्थानांतरित
सरकार ने राज्यभर में एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 36 टीमें तैनात कराई हैं। जबकि, कुल 51 टीमें अलर्ट पर रखी गई हैं। भारतीय तटरक्षक दल (इंडियन कोस्टगार्ड) ने भी आपदा राहत टीमों का गठन किया है। देश के दमन, दहानू मुंबई, मुरुदजीरा, रत्नागिरि, गोवा कारवार, मंगलौर, बेयपोर, विजिंजम और कोच्चि क्षेत्रों में रेडियो, इंटरनेट एवं टीवी के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार सुबह चक्रवात वायु के भीषण तूफान के रूप में पोरबंदर और महुवा के बीच गुजरात तट को पार करने की संभावना है। अब तक 3 लाख से भी ज्यादा लोगों को स्थनानंरित किया जा चुका है।

जैसे-जैसे करीब आ रहा चक्रवात, वैसे ही उठ रहीं ऊंची लहरें
मौसम विभाग ने ट्वीट किया है कि चक्रवात वायु राज्य में आगामी 24 घंटे में दाखिल हो जाएगा। इसलिए सरकार ने अपने बचाव मदद तंत्र को मजबूत किया है। हवा के कारण दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई है। अहमदाबाद और गांधीनगर में भी हवामान बदला गया है। बीते रोज बताया गया था कि अभी चक्रवात वेरावल से तूफान 300 किलोमीटर दूर है। जैसे-जैसे तूफान जमीन के करीब आ रहा है, इसका असर गुजरात के कई इलाकों में देखा जा रहा है। 'वायु' ने अपनी तीव्रता बढ़ा दी है और अब वह तूफान में बदल गया है। अब इसके आज रात ही वेरावल तट को पार करने की संभावना है।

राज्य के छह जिलों में हुई बारिश
वायु चक्रवात के टकराने से पहले ही गुजरात में छह जिलों में बारिश हुई है। इन जिलों में 23 तालुका में भारी बारिश हुई। वहीं, वलसाड क्षेत्र में एक इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। तूफान भले ही काफी दूर हो, मगर असर वेरावल पोर्ट में दिखाई देने लगा है। समुद्र की धाराओं के कारण लहरें ऊंची हो रही हैं। वेरावल पोर्ट पर 4500 बड़ी बड़ी नावें हैं। तूफान आने पर 100 से अधिक नौकाओं के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications