रिपोर्ट: देश में सबसे ज्यादा गुजरात के पुल खराब, यहां 75% ऐसे जिनका ढांचा कभी भी ढह सकता है
गांधीनगर। देश के बड़े पुलों की हालत को लेकर सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीआरआरआई) की रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में पाया गया है कि 425 पुलों में से 281 पुलों का स्ट्रक्चर खराब है। सबसे ज्यादा खराब पुल गुजरात में है। वहां के करीब 75% पुल खराब हैं, जिनके ढहने का खतरा बना रहता है। सीआरआरआई ने वर्ष 2018 में देश के 17 राज्यों के 425 पुलों का निरीक्षण किया था। जिनमें से दो तिहाई पुलों के स्ट्रक्चर में खराबी पाई गई। जांच में गुजरात के 250 पुल खराब मिले।
गुजरात के बाद झारखंड में 50, पंजाब में 40 और दिल्ली में 33 पुलों की स्थिति सही नहीं पाई गई, जो खराब स्थिति में मिले। इन राज्यों के अलावा जिन राज्यों में खराब पुल ज्यादा हैं, उनमें बंगाल, यूपी, ओडिशा, बिहार, केरल, त्रिपुरा, असम, हिमाचल, तमिलनाडु और उत्तराखंड शामिल हैं। इन राज्यों में कुल 33 पुलों की जांच की गई।
सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वर्ष 2018 में पुलों पर 16,125 हादसे हुए। इन हादसों में 5693 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 16,762 लोग जख्मी हुए। इंस्टीट्यूट ने देश में मौजूद 15 सबसे खतरनाक पुलों पर तो तत्काल यातायात बंद करने की सलाह दी है।
जुलाई 2019 में विधानसभा सत्र के दौरान गुजरात सरकार की ओर से बताया गया था कि 2 साल में नर्मदा प्रोजेक्ट वाली नहरें 207 बार टूटीं। राज्य 75% पानी नर्मदा परियोजना वाली नहरों से मिलता है। ऐसे में यह आंकड़ा भी चौंकाने वाला था। अब पुल भी जांच में खराब पाए गए हैं।