भाजपा में शामिल हो सकते हैं अल्पेश ठाकोर, घर के वास्तु पूजन में साथ दिखे प्रदेश अध्यक्ष
गांधीनगर। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का दामन छोड़ चुके विधायक अल्पेश ठाकोर की भाजपा में एंट्री तय मानी जा रही है। दरअसल, अल्पेश ने मकान के वास्तु पूजन के में कांग्रेस के नेताओं को नहीं बल्कि भाजपा नेताओं को आमंत्रित किया। ठाकोर के घर में भाजपा नेताओं की मौजूदगी के बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही वह सरकार में मंत्री बन सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, गृह राज्य मंत्री को किया आमंत्रित
लोकसभा चुनाव के दौरान अल्पेश ने कांग्रेस छोड़ दी थी। कांग्रेस के नेताओं ने जब विधायक पद से इस्तीफा देने को कहा तब अल्पेश ठाकोर ने कहा था कि वह विधायक पद से इस्तीफा नहीं देंगे। अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघानी और गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा अल्पेश के नए घर के वास्तुपूजा में मौजूद रहे थे। अल्पेश ठाकोर ने उन्हें आमंत्रित किया था। कहा जाता है कि उत्तर गुजरात के चार लोकसभा क्षेत्रों में अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस-विरोधी चुनाव प्रचार करके भाजपा उम्मीदवार को जिताने के लिए कड़ी मेहनत की है।

चुनाव परिणामों के बाद भाजपा में हो सकते हैं शामिल
लोकसभा के चुनाव परिणामों के बाद अल्पेश ठाकोर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि अल्पेश ठाकोर को मुख्यमंत्री विजय रूपानी अपने मंत्रिमंडल में सदस्य का दर्जा दे सकते हैं। अल्पेश ठाकोर भाजपा नेताओं के साथ संबंधों से जुड़े हैं। इससे पहले अल्पेश ठाकोर ने उत्तर गुजरात के भाजपा के बड़े नेता शंकर चौधरी से मुलाकात की थी।

पहले भाजपा में शामिल होने कर चुके हैं इनकार
बता दें, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने जब मंत्रिमंडल का विस्तार किया, तब कांग्रेस के पूर्व विधायक जवाहर चावला को कैबिनेट मंत्री बनाया था। उसी समय में मुख्यमंत्री ने अल्पेश ठाकोर के लिए मंत्री पद बचाकर रखा था, लेकिन अल्पेश ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात करने के बाद भाजपा में शामिल होने से इनकार कर दिया था। अब यह निश्चित हो रहा है कि लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद अल्पेश भाजपा में शामिल हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications