कांग्रेस छोड़कर भाजपा से चुनाव लड़ने वाले अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह झाला हारे, देखें रिजल्ट
गांधीनगर। गुजरात की 6 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव का परिणाम गुरुवार को जारी हुआ। दोपहर 2 बजे तक के रुझानों में कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा को कड़ी टक्कर दी। भाजपा 2 सीटों पर आगे रही, जबकि कांग्रेस 4 सीटों पर। दोपहर, 3 बजे तक दो सीटों पर फैसला आ गया। ये सीटें थीं बायड़ सीट और राधनपुर सीट। इन सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली। भाजपा की ओर से धवल सिंह झाला और अल्पेश ठाकोर ने इन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ा, दोनों हार गए। बायड़ सीट से कांग्रेस के जशुभाई पटेल 743 वोटों से जीत गए। जबकि, खेरालू सीट से भाजपा के अजमलजी ठाकोर को जीत मिली। अजमलजी ठाकोर ने अपने प्रतिद्वंदी को 29091 मतों से हराया।

धवल और अल्पेश का दोनों हारे
राज्य में राधनपुर और बायड़ सीट के भाजपा समर्थकों को झटका लगा है। राधनपुर में भाजपा के अल्पेश ठाकोर 13वें राउंड में 3807 वोटों से पीछे चले गए। यानी उनकी हार पक्की हो गई।राधनपुर सीट से अल्पेश ठाकोर 2017 में विधायक बने थे। तब वह कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़े थे। हालांकि, बाद में वह कांग्रेस के बागी हो गए और भाजपा ज्वॉइन कर ली। अक्टूबर 2019 में भाजपा ने उन्हें उपचुनाव का टिकट दिया। अल्पेश अपनी जीत को लेकर आश्वत थे और मंत्री बनने का सपना देख रहे थे।

इन 6 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव
दोनों पार्टियां तीन-तीन सीटों पर आगे रहीं। छहों सीटों पर सुबह 11 बजे तक किसी भी पार्टी की जीत क्लियर नहीं हुई। राज्य में बनासकांठा जिले की थराद सीट, पाटण की राधनपुर, मेहसाणा की खेरालू, अरवल्ली की बेआड, अहमदाबाद में अमराईवाड़ी और महिसागर जिले में लुनावाडा सीट के चुनाव परिणाम आने हैं। बता दें कि, 21 अक्टूबर को हुए उपचुनाव में यहां 53.67 प्रतिशत मतदान हुआ था।

2017 में इन 6 में से 4 सीटों को भाजपा ने जीता था
इससे पहले वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने इन छह में से 4 सीटें जीत ली थीं। जबकि, 2 बार कांग्रेस जीती थी। 24 अक्टूबर 2019 को उपचुनाव के गुरुवार सुबह 11 बजे तक जो रुझान आए, उनमें भाजपा को एक सीट का नुकसान रहा। जबकि, कांग्रेस को एक सीट पर बढ़त मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications