Firozabad News: फिरोजाबाद में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में गिरे दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, एक अस्पताल में भर्ती
UP Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फिरोजाबाद जनपद बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में मोटर खोलने के दौरान उसमें फंस कर दो मजदूरों की मौत हो गई है।
वहीं इस हादसे में घायल एक मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। मरने वाले मजदूरों के घर वालों को सूचना देने के साथ ही पुलिस द्वारा दोनों मजदूरों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद जनपद की बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सोफीपुर गांव में नगर निगम द्वारा सीवर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। इसी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में लगे मोटर में गुरुवार को किसी तरह खराबी आ गई थी।
खराबी को दूर करने के लिए ओझानगर निवासी 26 वर्षीय गौरव शर्मा तथा चंद्रवार गेट निवासी 35 वर्षीय इलियास के साथ ही दो अन्य मजदूरों को मोटर ठीक करवाने के लिए ठेकेदार द्वारा बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को ठेकेदार द्वारा बुलाए गए चारों लोग मोटर को ठीक करने लगे। इस दौरान मोटर ठीक होने पर उसकी टेस्टिंग के लिए इलियास सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के अंदर उतर गया। उतारने के बाद दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक इलियास बाहर नहीं आया तो गौरव शर्मा भी नीचे उसे देखने के लिए उतरा और वह भी अंदर ही रह गया। काफी देर बीत जाने पर जब गौरव बाहर नहीं निकला तो उन लोगों के साथ आया योगेश भी प्लांट में उतरा।
जब योगेश भी बाहर नहीं निकला तब लोगों ने तत्काल क्रेन की मदद से योगेश को बाहर निकलवाया। बाहर निकालने के बाद योगेश भी अचेत हो गया था। ऐसे में योगेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज शुरू हुआ।
बाद में कड़ी मशक्कत कर गौरव शर्मा और इलियास को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि मजदूरों के परिजन मौके पर पहुंचे और रोने बिलखने लगे। इस मामले में ठेकेदार द्वारा दोनों मजदूरों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही गई। जिससे दोनों बच्चों के बीच समझौता हो गया। हालांकि दोनों मजदूरों का शव कब्जे में लेकर पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications