Firozabad Accident: दिल्ली-जालौन स्लीपर बस की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत, कई घायल
Firozabad Accident: यूपी के फिरोजाबाद जिले में शनिवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली से जालौन जा रही लग्जरी बस टाइल्स से भरे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस में सवार 50 यात्रियों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नगला खंगर थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मृतकों में एक की पहचान उरई (जालौन) निवासी बिजेंद्र उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।
बस 'फौजी ट्रेवल्स' की बताई जा रही है, जो बीआर28पी-3597 नंबर से दिल्ली से चली थी। बस में करीब 50 लोग सवार थे। यह हादसा उस समय हुआ जब बस एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 68.300 के पास पहुंची और आगे चल रहे ट्रक से भिड़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे की सीटों पर बैठे यात्री बस से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को तुरंत स्थानीय एंबुलेंस और यूपीडा मेडिकल टीम की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
सैफई पीजीआई में भर्ती घायल
घायलों को सैफई पीजीआई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में अंशुल (जालौन), उमा देवी (दिल्ली) और यशिका सिरोठिया (उरई) शामिल हैं। यशिका को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों को भी झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा।
मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। सीएम ऑफिस द्वारा एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी गई कि सीएम ने घायलों के इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
सीएम योगी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों को हरसंभव चिकित्सकीय सहायता दी जाए। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। साथ ही, मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने को कहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। गंभीर रुप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया। वहीं बचे हुए यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य तक भेजा गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications