गंगा में नहाते वक्त दो दोस्तों के साथ हुआ बड़ा हादसा, ढाई घंटे बाद मिली दोनों की लाश
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में गंगा स्नान करते वक्त दो मित्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नहाते वक्त दोनों गहरे पानी में डूब गए। उन्हें डूबता देख साथ में नहा रहे दो अन्य मित्रों ने शोर मचाया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उनके शव निकाले।

थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के नैनियन नगला निवासी 20 वर्षीय हरिओम पुत्र आशाराम अपने मित्र 18 वर्षीय अंकित कुमार पुत्र विनोद निवासी अमेठी कोहना, उसके ताऊ के पुत्र लोकेश और गांव के ही रहने वाले अवनीश के साथ मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पांचाल घाट बंधा की तीसरी सीढ़ी पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान हरिओम और अंकित डूबने लगे। यह देख अवनीश और लोकेश कुमार ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोरशराबा सुनकर आसपास के गोताखोर पहुंचे और डूबे दोस्तों की तलाश शुरू कर दी।

पांचाल घाट चौकी पुलिस और दोनों के परिजन भी मौके पर आ गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने हरिओम और अंकित कुमार के शव बाहर निकाल लिए। पुलिस ने परिजनों से पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही तो उन्होंने इनकार कर दिया। हरिओम पीलीभीत की एक फैक्ट्री में काम करता था।












Click it and Unblock the Notifications