गजब कारनामा: सरकारी आवास से उखाड़ ले गए कमोड, वाशबेसिन और टोंटी, SDM के खिलाफ चोरी का मुकदमा
जब एक SDM के खिलाफ शौचालय का कमोड, दरवाजा, कमरे की वायरिंग बोर्ड, पानी की पाइप लाइन टोंटी, बॉशबेसिन, सबमर्सिबल का स्टार्टर, बिजली का मीटर चोरी करने का मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस भी हैरान रह गई।

उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे देख आपको हैरानी तो होगी ही साथ ही आप अपनी हंसी भी नहीं रोक पाएंगे। यहां एक सरकारी आवास में रह रहे एसडीएम सदर ने मंगलवार को अपना आवास खाली किया। घर खाली करने के साथ ही वो उस घर में लगा कमोड, दरवाजे, बायरिंग, बिजली के बोर्ड, पानी के पाइप, टंकी सहित अन्य सामान उखाड़ कर अपने साथ ही ले गए।

5 महीने से घर खाली करवाने की हो रही थी कोशिश
दरअसल, फर्रुखाबाद जिले में फतेहगढ़ स्टेडियम के पास जिला सैनिक कल्याण बोर्ड का कार्यालय है। कार्यालय के पास अधिकारी का आवास है। अधिकारी का पद काफी समय से रिक्त चल रहा था। उस दौरान एसडीएम के पास चार्ज रहता था। कई माह से एसडीएम सदर संजय सिंह उसी आवास में रह रहे थे। इस बीच पांच माह पहले कर्नल रवींद्र सिंह की यहां तैनाती कर दी गई। कर्नल रवींद्र सिंह तभी से एसडीएम सदर से आवास खाली करवाने का प्रयास कर रहे थे।

कमोड, दरवाजा, पानी की टंकी, टोंटी, बॉशबेसिन, सब उखाड़ कर ले गए
वहीं जब एसडीएम ने मंगलवार को आवास खाली किया तो उनके जाने के बाद कर्नल रवींद्र सिंह ने आवास का निरीक्षण किया। तब पता चला कि आवास से शौचालय का कमोड, दरवाजा, बाथरूम का दरवाजा, कमरे की वायरिंग बोर्ड, पानी की पाइप लाइन, पानी की टंकी, सबमर्सिबल का स्टार्टर, बिजली का मीटर, टोंटी, बॉशबेसिन और यहाँ तक की बाहर लगी इंटरलॉकिंग की ईंटें तक गायब हैं। इसके एलावा और भी काफी सामान मौजूद नहीं है।

एसडीएम के खिलाफ चोरी की तहरीर
यह सब देख कर्नल रविंद्र सिंह भी हैरानी में पड़ गए। उन्होंने एसडीएम सदर के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में चोरी की तहरीर दे दी। कर्नल रवींद्र कुमार ने बताया एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह से पांच माह से आवास खाली करने के लिए कह रहे थे। मंगलवार को आवास उन्होंने खाली किया और कमोड, दरवाजे सहित सभी सामान लेकर चले गए। कर्नल का कहना है कि एसडीएम संजय कुमार ने यदि नया सामान लगवाया था, तो पुराना यहां छोड़कर जाना चाहिए। यह अधिकारी की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

अभी और भी सामान लाना है: एसडीएम
वहीं, मामले में एसडीएम सदर संजय कुमार ने बताया कि आवास में जो सामान उन्होंने लगवाया था। वह अपने साथ ले आए है। अभी बहुत सा सामान वहां बाकी है, जो वह लेकर नहीं आए है। उसे भी लेने के लिए वह कोतवाली में तहरीर देगें, ताकि पूरा सामान लाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications