बेटी की विदाई से पहले दुनिया से विदा हो गईं मां, लाश को गले लगाकर रोती रही दुल्हन
फर्रुखाबाद। घर में चारों ओर शादी की खुशियां छाई थीं। पूरा परिवार बेटी की शादी की तैयारी कर चुका था लेकिन, घर में अचानक कुछ ऐसा हुआ कि खुशी के पल, गमों का दरिया बन गया। पिता के घर से विदा होने वाली बेटी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उसके डोली उठने वाले दिन ही उनकी मां की अर्थी भी उठेगी। ऐसा ही कुछ हुआ फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ क्षेत्र के नेकपुर में हुआ। जहां बीती रात बेटी के हाथ पीले करने में व्यस्त महिला की करंट लगने से मौत हो गयी। जिसके बाद विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं।
कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कला निवासी राजमिस्त्री विनोद कुमार जाटव की पुत्री अंजली के घर बारात आई थी। विवाह रजलामई निवासी रामवीर पुत्र जबरलाल के साथ होना था। बारात आने के बाद द्वारचार ( द्वार चार) की रस्म आदि पूरी होने के बाद बारातियों ने खाना खाया। इसके बाद विवाह की रस्में चल रही थीं। बेटी के विवाह की खुशी में दुल्हन अंजली की मां मीना देर रात लगभग 2 बजे घर के भीतर कुछ लेने गईं।
उसी दौरान टेंट के पंखे से उन्हें जोरदार करंट लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मीना की मौत की खबर से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरा माहौल गम में डूब गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। दुल्हन बनी अंजली का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।