मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की गिरफ्तारी वाली खबर निकली अफवाह, खुद पुलिस ने दी सफाई
Motivational Speaker Vivek Bindra का उनकी पत्नी से विवाद चल रहा। इस बीच खबर आई कि उनको पुलिस ने हिरासत में लिया है, लेकिन ये सिर्फ अफवाह थी।

मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर कई खबरें वायरल हो रही थीं। आरोप लगा था कि उन्होंने कोर्ट के अंदर वीडियो बनाया, इस वजह से जज ने उनको गिरफ्तार करने का आदेश दे दिया। अब खुद फरीदाबाद पुलिस ने इस पूरे मामले में सफाई दी है।
पुलिस के मुताबिक उनकी ओर से मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा को हिरासत में नहीं लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं खबरें फर्जी हैं। फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह ने मामले में कहा कि पुलिस की टीम ने डॉ. बिंद्रा का फोन चेक किया था, लेकिन उसके अंदर कोई वीडियो कोर्ट का नहीं मिला। उनके हिरासत में होने की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं, वो अफवाह मात्र हैं। कई वेबसाइट्स ने भी इस फेक न्यूज को प्रकाशित किया है।
पत्नी से चल रहा विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विवेक बिंद्रा का उनकी पत्नी गीतिका बिंद्रा से विवाद चल रहा। ये मामला अदालत में विचारधीन है। हाल ही में गीतिका बिंद्रा ने आरोप लगाया कि न्यायाधीश अमृत सिंह की अदालत में इस मामले की सुनवाई चल रही थी। इस दौरान विवेक ने अपने फोन से कार्यवाही के वीडियो बनाए और तस्वीरें खीचीं। जिस पर न्यायाधीश ने उन्हें देख लिया और उनको हिरासत में लेने को बोला। पत्नी के मुताबिक विवेक ने फोन से वीडियो डिलीट कर दिए, लेकिन फोटो बची रह गई। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उनके मुताबिक फोन की जांच करने पर उसमें कुछ भी चीज ऐसी नहीं मिली।
2 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर
आपको बता दें कि विवेक बिंद्रा देश के जाने-माने मोटिवेशनल स्पीकर हैं। वो सोशल मीडिया पर काफी हिट हैं। उनके यूट्यूब पर 2 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। इसके अलावा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी उनके लाखों फॉलोवर्स हैं। वो बड़ा बिजनेस डॉट कॉम नाम से कंपनी चलाते हैं, जो लोगों को व्यापार से जुड़ी सलाह देती है।












Click it and Unblock the Notifications