Operation Sindoor: सीजफायर के बाद भी गोलीबारी पर भड़के सपा सांसद, बोले- पाकिस्तान को उसकी औकात दिखानी होगी
Operation Sindoor: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में फिर से तल्खी नजर आ रही है। शनिवार शाम 5 बजे दोनों देशों के बीच सीजफायर का ऐलान हुआ था, लेकिन महज तीन घंटे बाद ही पाकिस्तान ने इस समझौते की धज्जियां उड़ा दीं। इस घटनाक्रम के बाद देश में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने पाकिस्तान को दो टूक शब्दों में चेताया है।
अवधेश प्रसाद ने साफ कहा कि युद्ध कोई हल नहीं है, लेकिन जब बात देश के स्वाभिमान और सम्मान की हो तो जवाब देना जरूरी है। उन्होंने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पड़ोसी देश अपनी ताकत से ज्यादा सपने देख रहा है। अगर पाकिस्तान ने सीजफायर का सम्मान नहीं किया तो परिणाम भुगतने को तैयार रहे।

सपा सांसद ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि अब भी वक्त है कि वह अपने विनाश के रास्ते से लौट आए। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता, तो भारतीय सेना उसे करारा सबक सिखाने में पूरी तरह सक्षम है। प्रसाद ने कहा कि भारत की सेना का शौर्य और पराक्रम पूरी दुनिया में मशहूर है।
भारतीय सेना हर मोर्चे पर तैयार: अवधेश प्रसाद
अवधेश प्रसाद ने कहा कि पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को तबाह करने की ताकत भारतीय सेना के पास है। उन्होंने याद दिलाया कि जब-जब दुश्मन ने हमारी सीमा पर हमला किया है, हमारी सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की सेना के आगे पाकिस्तान की सेना कहीं नहीं टिकती।
उन्होंने आगे कहा कि देश की फौज ने हर मुश्किल घड़ी में देश का मान बढ़ाया है और आज भी वही जज्बा कायम है। सपा सांसद ने कहा कि पाकिस्तान को अब अपनी हद में रहना चाहिए वरना उसका खात्मा तय है।
दुश्मन की छाती पर चढ़कर जवाब देना चाहिए
अवधेश प्रसाद ने मुलायम सिंह यादव के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि जब भी दुश्मन हमारी सीमा पर हमला करे, तो हमें उसकी छाती पर चढ़कर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समय देश की सेना और जनता के आत्मसम्मान को बचाने का है।
सपा नेता ने पाकिस्तान के सीजफायर उल्लंघन को उसकी मूर्खता करार दिया और कहा कि इस तरह की हिमाकतें उसे तबाही की ओर ले जाएंगी। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत की सेना पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देने को तैयार है।
सपा सांसद ने देश की वीरांगनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में महिलाओं की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं।
अवधेश प्रसाद ने कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि इन्होंने फिर से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ये बहादुर महिलाएं आज के दौर में भी देश की आन-बान-शान को बुलंद कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications