अयोध्या पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने दलित के घर खाया खाना, हनुमानगढ़ी पर की पूजा
Ayodhya news, अयोध्या। चुनाव आयोग द्वारा 72 घंटे तक प्रचार करने से रोक लगाए जाने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम की नगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने अपने कार्यक्रम में अचानक बदलाव करके दलित बस्ती में जाकर दलित महावीर के घर भोजन किया और गुड़ खाकर पानी पिया। साथ ही परिवार के निवेदन को स्वीकार करते हुए, उसे पूरा करने का आश्वासन भी दिया। योगी के पहुंचने पर परिवार गद-गद दिखा और भाव-विभोर होकर मुख्यमंत्री की तारीफ की।

दिगंबर अखाड़ा पहुंचे सीएम योगी
इसके बाद सीएम योगी अशर्फी भवन पहुंचे, फिर श्रीराम जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के स्थान मणिराम दास की छावनी और फिर अपने गुरु भाई महंत सुरेश दास से मिलने उनके स्थान दिगंबर अखाड़ा पहुंचे। यहां उनके भोजन करने का कार्यक्रम निर्धारित था। इसके बाद सुग्रीव किला मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ ही दिनों पूर्व दिवंगत हुए महंत पुरूषोत्तम आचार्य जी महाराज को श्रद्धांजलि दी और वर्तमान महंत को ढांढस बंधाया।

हनुमानगढ़ी पर हनुमान चालीस का पाठ किया
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अयोध्या के ऐतिहासिक हनुमानगढ़ी पर दर्शन और आरती के साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ किया। फिर श्रीराम जन्मभूमि परिसर में विराजमान रामलला के समक्ष अपनी श्रद्धा निवेदित की और सरयू तट पर मां सरयू की आरती की और दुग्ध अर्पण किया। इस प्रकार अपने तीन दिन के प्रतिबन्ध का दूसरा दिन योगी ने अयोध्या में अति व्यस्त रहकर व्यतीत किया और मुख्यमंत्री की इस यात्रा को भाजपा ने पूरी तरह से व्यक्तिगत बताया और कहा कि इससे चुनाव आयोग का प्रतिबन्ध किसी भी दशा में प्रभावित नहीं हो रहा है |












Click it and Unblock the Notifications