Ayodhya Airport: अयोध्या से वाराणसी के बीच विमान में क्या है बाधा? जानिए क्या कह रहे हैं जानकार
Ayodhya Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद अयोध्या से वाराणसी समेत देश के अन्य हवाई अड्डों के लिए हवाई सेवा शुरू करने की बात चल रही है। हालांकि, वाराणसी से हवाई सेवा शुरू करने में कुछ बाधाएं हैं।
इस बारे में विमानन विशेषज्ञों और ट्रैवल एजेंटों से वन इंडिया रिपोर्टर द्वारा खास बातचीत की गई। बात करने पर लोगों ने बताया कि वाराणसी और अयोध्या के बीच हवाई सेवा शुरू होने के बाद पर्यटकों की आवाजाही में आसानी होगी, लेकिन इस रूट पर हवाई सेवा शुरू होने से विमान कंपनियों को घाटा भी झेलना पड़ेगा।

ट्रैवेल एजेंसी संचालक जयचंद मोदनवाल ने बताया कि वाराणसी से अयोध्या की दूरी करीब साढ़े तीन सौ किलोमीटर है। विमान सेवा प्रारंभ होने के बाद एक व्यक्ति का एक तरफ का किराया करीब 3 से 4 हजार रुपए रखा जाएगा।
ऐसे में जो भी यात्री वाराणसी से अयोध्या जाना चाहते हैं वह तीन से चार हजार रुपए में कार बुक कर अपने मन मुताबिक अपने परिवार और मित्रों के साथ जा सकते हैं। हालांकि फ्लाइट से जाने में समय कम लगेगा लेकिन दर्शन पूजन करने के लिए लोगों को वहां रुकना पड़ेगा ऐसे में कार को अधिक लोग पसंद करेंगे।
इसके अलावा वाराणसी से अयोध्या के बीच आने जाने वाले लोगों की संख्या बहुत कम है। वाराणसी और अयोध्या दोनों आध्यात्मिक नगरी हैं ऐसे में पर्यटकों का आवागमन हो सकता है। हालांकि पर्यटकों की संख्या इस रूट पर अधिक नहीं है जिसके चलते एयरलाइंस को घाटा लगेगा।
एविएशन के जानकारों द्वारा बताया गया कि कम दूरी पर फ्लाइट सेवा शुरू करने में एयरलाइंस को काफी घाटा लगता है। अभी हाल ही में वाराणसी एयरपोर्ट से गोरखपुर के लिए विमान सेवा प्रारंभ की गई थी लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने के चलते उसे बंद करना पड़ा।
कनेक्टिंग फ्लाइट हो सकती है सफल
एविएशन से जुड़े लोगों द्वारा यह भी बताया गया कि यदि वाराणसी से अयोध्या के बीच कनेक्टिंग विमान सेवा प्रारंभ की जाती है तो इससे एयरलाइंस को होने वाले नुकसान से बचा जा सकेगा। हालांकि कनेक्टिंग विमान के लिए रूट सर्वे करने पर यह स्पष्ट होगा कि किस रूट से अधिक यात्रियों का लोड है।












Click it and Unblock the Notifications