अयोध्या: महंत परमहंस दास का अनशन, बोले- भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करो, अन्न-जल त्याग रहा हूं
अयोध्या। उत्तर प्रदेश में अयोध्या जिले की तपस्वी छावनी के महंत परमहंस दास अपनी एक मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। परमहंस-दास ने आज कहा कि, भारत में हिंदुओं की संख्या किसी भी अन्य मजहब के लोगों से ज्यादा है, इसलिए इसे हिंदू राष्ट्र घोषित कर देना चाहिए।' महंत ने यह भी कहा कि, जब तक सरकार ऐसा नहीं करेगी, मैं अन्न-जल त्यागकर यूं ही बैठा रहूंगा।'

परमहंस-दास के बारे में खबर यह मिली है कि, वह सोमवार सुबह 5 बजे से अनशन पर बैठे हैं। उनका कहना है कि 1947 में जब देश का बंटवारा हुआ था तो सर्वाधिक आबादी के आधार पर पाकिस्तान मुस्लिम राष्ट्र घोषित कर दिया गया था, लेकिन करोड़ों हिंदुओं के रहते भी भारत आज तक हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं बन सका। और अगर भारत में अल्पसंख्यक समुदाय अपनी आबादी बढ़ाता रहा तो एक दिन ऐसा आएगा जब ये अल्पसंख्यक समुदाय फिर देश के विभाजन की बात करेगा। इससे एक बार फिर देश का बंटवारा होने का खतरा पैदा हो जाएगा।''

अनशन पर बैठे महंत ने कहा कि, 'मेरी यह मांग है कि केंद्र सरकार भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करे। प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक और धारा 370 को समाप्त कर यह साबित कर दिया कि देश हित में वह कुछ भी कर सकते हैं। अब उन्हें भारत को हिंदू राष्ट्र भी घोषित कर देना चाहिए। साथ ही पाकिस्तान और बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं को भारत वापस लाकर उन्हें यहां की नागरिकता प्रदान की जाए। जब तक मेरी ये मांगें स्वीकार नहीं की जाएंगी, तब तक मैं अन्न, जल का त्यागकर यूं ही आमरण अनशन पर बैठा रहूंगा।''
संवाददाता ने बताया कि, परमहंस-दास के आमरण अनशन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। प्रशासन ने उनकी सुरक्षा को लेकर सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। ज्ञातव्य हो कि, यह महंत उन लोगों में से एक हैं, जिन्होंने पहले अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर आमरण अनशन किया था। अयोध्या जिले में अब फिर महंत की चर्चा होने लगी है। कुछ लोग उसे माहौल खराब करने की कोशिश करार दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications