शादी का दबाव बना रही थी शादीशुदा प्रेमिका, प्रेमी ने दी दर्दनाक मौत
Ayodhya news, अयोध्या। पुलिस ने बीते 2 फरवरी को हुई महिला की हत्या का खुलासा करते हुए उसके प्रेमी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि महिला अपने प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी। पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। दोनों शातिर अपराधी हैं, जिनपर अगल-अलग थानों में कई मुदकमे दर्ज हैं।

2 फरवरी को मिला था महिला का शव
मामला अयोध्या के तारुन थाना क्षेत्र का है। 2 फरवरी को जंगल में एक महिला का रक्त रंजित शव मिला था, जिसके पास से उसका मोबाइल और आधार कार्ड भी मिला।आधार कार्ड के जरिए उसकी शिनाख्त बबीता पत्नी भगवानदास निवासी थाना कोठी क्षेत्र जिला बाराबंकी के रूप में हुई। मौके से मिले महिला के मोबाइल से सारे राज खुल गए।

शादी का दबाव बना रही थी महिला
सर्विलांस के सहारे पुलिस ने प्रेमी राम बहोर तक पहुंची, जिसके बाद हत्या की सारी गुत्थियां अपने आप ही खुलती चली गयी। हत्या करने के लिए उसके साथी हरी राम मिश्रा ने उसको सलाह दी थी। दरअसल, महिला बबिता काफी दिनों से अपने पति को छोड़कर राम बहोर के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र में रह रही थी, लेकिन उसे लिव-इन रिलेशनशिप में रहना मंजूर नहीं हुआ और राम बहोर पर शादी का दबाव बनाने लगी। महिला से पीछा छुड़ाने के लिये राम बहोर ने अपने दोस्त के साथ महिला की हत्या की साजिश रच डाली और इस हत्या करने की सलाह उसके दोस्त हरिराम मिश्रा ने ही दी।

गला रेत कर की हत्या
घटना के दिन राम बहोर प्रेमिका बबीता को लेकर साइकिल से देवकाली गया। देवकाली से तारुन थाना क्षेत्र के जय सिंह मऊ जंगल पहुंचा। शहर से इसकी दूरी लगभग 35 किलोमीटर है। साइकिल से लंबा सफर तय करने के बाद राम बहोर ने प्रेमिका बबीता का भरोसा तोड़ दिया और गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद मौके से वो फरार हो गया।

शातिर बदमाश हैं दोनों
पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही महिला का मोबाइल आलाकत्ल व साइकिल भी बरामद कर ली है। एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने बताया कि आरोपी राम बहोर और उसका साथी दोनों शातिर बदमाश हैं। प्रेमी राम बहोर पर हत्या के दो मुकदमे दर्ज हैं तो उसके साथी हरिराम पर कई अन्य धाराओं में 25 मुकदमे दर्ज हैं।












Click it and Unblock the Notifications