अयोध्या: पांच रिश्तेदारों की हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
अयोध्या, मई 23: रामनगरी अयोध्या में बीती रात एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत के घाट उतारने वाले मुख्य आरोपी पवन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पांच थानों की पुलिस व एसओजी के ज्वाइंट ऑपरेशन में मुख्य आरोपी को पकड़ा जा सका है। आरोपी पवन के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया है। बता दें, इस मामले में पुलिस तीन आरोपी पवन के माता-पिता और पत्नी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
Recommended Video

जमीनी विवाद में पांच रिश्तेदारों की हत्या
थाना इनायतनगर खानपुर के बरिया निसारु गांव में पवन अपने मामा के साथ एक ही घर में रहता था। जमीन को लेकर दोनों के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा था। शनिवार रात आरोपी ने अपने मामा-मामी और उनके तीन बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। जैसे ही आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या शैलेश पांडे और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी।
पुलिस ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात को अंजाम देने के बाद पवन फरार हो गया था। पुलिस ने पवन के माता-पिता और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को पांच थानों की पुलिस व एसओजी ने ज्वाइंट ऑपरेशन में मुख्य आरोपी पवन को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पवन के दोनों पैरों में गोली लगी है। मुठभेड़ थाना इनायतनगर के कुचेरा बाजार के पीछे जंगल में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल पहुंचाया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications