अपने पति का शव वापस लाने के लिए विधवा महिला ने सुषमा स्वराज से लगाई गुहार
Ayodhya News, अयोध्या। अपने पति के शव को वापस भारत लाने के लिए उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले की एक विधवा महिला ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से गुहार लगाई है। महिला ने बताया कि उसके पति का देहांत 11 फरवरी को सऊदी अरब के जेद्दा शहर में हो गया था। जिसके बाद से महिला अपने पति के शव के आने का इंतजार कर रही है। वहीं, स्थानीय सांसद लल्लू सिंह ने महिला की मदद के लिए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को फैक्स किया है।

जानकारी के अनुसार, अयोध्या जिले की रहने वाली महिला ने बताया कि उसके पति गरुड़ प्रसाद पांडे अल्बेनिया रेडी मिक्स कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी मौत 11 फरवरी को सऊदी अरब के जेद्दा शहर में हो गई थी। अचानक इसके सीने में दर्द हुआ और हृदयाघात से उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना तो आ गई लेकिन अभी तक शव भारत नहीं पहुंच पाया है।
पीड़ित विधवा ने अपने बच्चों के साथ स्थानीय भाजपा सांसद लल्लू सिंह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से भारत शव लाने के लिए गुहार लगाई है। विधवा सुशीला पांडे जनपद के थाना महाराजगंज के ज्ञानापुर गांव की रहने वाली है और अपने पति के शव को लाने के लिए अधिकारियों से लेकर नेताओं की चौखट पर दर-दर भटक रही है।












Click it and Unblock the Notifications