VIDEO: यूपी में 'राम भरोसे' सुरक्षा! ड्यूटी पर सोता हुआ दिखा डायल 100 का सिपाही
इटावा। उत्तर प्रदेश में पुलिस के विशेष दस्ते 'डायल-100' पर सरकार को भले ही सबसे ज्यादा भरोसा हो, लेकिन ऐसा लगता है कि इटावा में सिपाहियों ने 'यूपी पुलिस डायल-100' की वैन को अपना आरामगाह बना लिया है। यहां गली-चौराहों पर इस दस्ते की गाड़ियां खड़ी तो मिलेंगी, लेकिन उसमें सिपाही अक्सर अपनी टाँगे फैलाकर भी सोते नजर आ जाएंगे। आमजन की तत्काल मदद को गठित यूपी पुलिस के ये सिपाही असल में भरोसे को पलीता लगा रहे हैं।

हाल ही ऐसा एक वीडियो जब इटावा के एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी को दिखाया गया तो उन्होंने कहा कि हम इसकी जांच कराएंगे। एसएसपी की मानें तो उन्हें लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो पर विश्वास नहीं हुआ कि उनके सिपाही दस्ते की गाड़ी में चैन से सोते-आराम फरमाते हैं।
वी़डियो में आप देख सकते हैं कि दस्ते का सिपाही पुलिस-वैन में आराम से सो रहा है। उसके दरवाजे खुले हैं और खर्राटों की आवाज आ रही है। यह वीडियो इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। अक्सर ऐसा रात में होता था कि यूपी पुलिस के सिपाही ड्यूटी पर सोते हुए मिलते थे, मगर दिन में भी वे इससे बाज नहीं आ रहे। एसएसपी ने इस नए मामले पर अब जाँच करवाकर सिपाहियों और दरोगा पर कार्रवाई करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications