एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिसवालों ने बुजुर्ग महिला को चारपाई पर लिटाया, कंधे पर लाद 3 किमी पैदल चले
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पुलिसकर्मियों की उसके काम के लिए सराहना की जा रही है। दरअसल, इन पुलिसकर्मियों ने एक बीमार बुजुर्ग महिला की न सिर्फ मदद की, बल्कि उसे चारपाई पर लेटाकर तीन किलोमीटर का पैदल रास्ता तय करते हुए एम्बुलेंस तक पहुंचाया। वीडियो सामने आने के आद लोग इन पुलिसकर्मियों के काम की तारीफ कर रहे हैं।
बारिश की वजह से सड़कें खराब
मामला इटावा के विकासखंड चकरनगर के गांव कांछी का है। यहां बारिश की वजह से सड़कें खराब हो चुकी हैं। ग्रामीणों को अस्पताल तक पहुंचने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 70 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला भी अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रही थी। वहीं, खराब सड़कों की वजह से एंबुलेंस भी वहां नहीं आ पाई।
मदद के लिए पहुंची पुलिस
मामले की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली वैसे ही भरेह थाने की पुलिस कांची गांव पहुंची। बीमारी से लड़ रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पुलिस ने चारपाई पर लेटाया, इसके बाद चार सिपाहियों ने अपने कंधे पर महिला को लादकर जर्जर रास्ते से होते हुए एम्बुलेंस तक पहुंचाया।
तीन किलोमीटर का रास्ता तय कर एम्बुलेंस तक पहुंचाया
पुलिस ने लगभग 3 किलोमीटर का रास्ता तय किया और बुजुर्ग महिला को एम्बुलेंस तक पहुंचा। इसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस द्वारा की गई यह मदद जनता के लिए सराहनीय बन गई। आसपास के क्षेत्र में पुलिस की लगातार तारीफ की जा रही है।