Etawah : टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रहे थे SDM कौशल कुमार, हो गई बड़ी वारदात
इटावा, 17 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद है कि वह अधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला इटावा के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र का है। चोरों ने शहर के सबसे सेफ माने जाने वाले क्षेत्र में एसडीएम के हाथ से ही मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। चोरों ने वारदात को उस जगह अंजाम दिया, जहां जज सहित अन्य बड़े अफसरों के आवास और कार्यालय मौजूद हैं। घटना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। रात करीब 10 बजे इस मामले की थाने में तहरीर दी गई। एसडीएम की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर लिया गया। हालांकि, अभी तक चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

टहलने निकले थे एसडीएम ताखा कौशल कुमार
एसडीएम ताखा कौशल कुमार शनिवार शाम अपने आवास पास टहलने के लिए निकले थे। इस दौरान वह फोन पर बात कर रहे थे। डायट कैंपस (जज आवास) के पास पहुंचे ही थे कि बाइक से आए चोरों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को दी। एसडीएम का मोबाइल लूटने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

कहीं नहीं मिली चोरों की लोकेशन
घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में एसएसपी, एसपी सिटी और सीओ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इस मामले को पहले तो पुलिस छिपाती रही, बाद में रात करीब 10 बजे इस मामले की थाने में तहरीर दी गई। एसडीएम की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर लिया गया।

एडीजे के पर्स से 15 हजार की चोरी
बता दें, इससे पहले शुक्रवार को कोर्ट परिसर से एडीजे सेकेंड के पर्स से चोर ने 15 हजार रुपए चोरी कर लिए थे। सिविल लाइन पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश जुटी थी कि इसी बीच एसडीएम के साथ फोन लूट का मामला सामने आ गया।












Click it and Unblock the Notifications