Etawah News: कथावाचक से बदसलूकी पर मचे बवाल पर सपा ने पल्ला झाड़ा, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
Etawah News: यूपी के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के दंदरपुर गांव में हुए बवाल के बाद सियासी तापमान बढ़ गया है। समाजवादी पार्टी ने इस घटनाक्रम से पल्ला झाड़ते हुए खुद को इससे पूरी तरह अलग कर लिया है। सपा नेताओं ने प्रेस वार्ता कर स्थिति स्पष्ट की।
जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू और प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने कहा कि यह प्रदर्शन पार्टी के किसी कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। उन्होंने कहा कि न सपा ने प्रदर्शन का आह्वान किया और न ही किसी तरह की भागीदारी की गई।

सपा नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ भाजपा समर्थित लोगों ने माहौल को भड़काया और गांव में तनाव की स्थिति पैदा की। इस पूरे घटनाक्रम में पार्टी की कोई भूमिका नहीं है।
पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
सपा प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की ढिलाई और असंवेदनशीलता के कारण स्थिति बिगड़ी। यदि प्रशासन समय रहते सजग होता तो मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ सकता था।
गोपाल यादव ने यह भी कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और निर्दोष लोगों को परेशान न किया जाए। पार्टी हर हाल में शांति की पक्षधर है।
पार्टी का प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं
सपा के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने दोहराया कि दंदरपुर में जो कुछ हुआ वह समाजवादी पार्टी के बैनर तले नहीं था। उन्होंने कहा कि पार्टी के नाम पर की जा रही राजनीति पूरी तरह भ्रामक है और इसका कोई आधार नहीं है।
वहीं, सपा नेताओं ने यह भी कहा कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहें मामले को और अधिक भड़काने का काम कर रही हैं। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन से अपील किया कि अफवाहों से दूर रहें और शांति बनाए रखें।
वीडियो वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई
दरअसल, बीते दिनों दंदरपुर गांव में कथावाचक से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसी बीच गुरुवार को कुछ संगठनों के लोगों ने इटावा में जमकर हंगामा किया।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जातीय राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है और सरकार संवेदनशील मुद्दों को भी सियासी चश्मे से देख रही है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मामलों को हवा देती है। यह भी बता दें कि इससे पहले भी अखिलेश यादव द्वारा इस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई के लिए एक्स पर कई बार आवाज उठाई जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications