coronavirus: चीन के वुहान में फंसा एटा का दंपति, भारत सरकार से मदद की गुहार
एटा। कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच यूपी के एटा का एक दंपति चीन के वुहान में फंसा है। पति-पत्नी ने भारत सरकार से स्वदेश वापसी के लिए गुहार लगाई थी, जिसके लिए अब कवायद शुरू हो गई। डीएम सुखलाल भारती ने इस संबंध में सोमवार को प्रमुख सचिव गृह से फोन पर बातचीत की और पत्र भी भेजा है।
चीन में वैज्ञानिक हैं आशीष
एटा के जलेसर के ऊंचा गांव में रहने वाले आशीष यादव ने बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से एमएससी की, इसके बाद अमेरिका जाकर फिजिक्स में पीएचडी की। वर्तमान समय में आशीष चीन में वैज्ञानिक हैं। नवंबर 2018 में उनकी शादी नेहा से हुई। 2 नवंबर 2019 को आशीष पत्नी नेहा को भी वुहान ले गए। अब चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है।
20 दिनों से घर में कैद, राशन-पानी खत्म
आशीष ने फोन पर परिजनों को बताया कि वह करीब 20 दिनों से घर में कैद हैं। अब राशन-पानी खत्म होने लगा है। इससे खाने-पीने में परेशानी हो रही है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। दंपत्ति ने भारत सरकार से स्वदेश लौटने की गुहार लगाई है। आशीष के माता-पिता बेटे के जल्द स्वदेश लौटने की आस में बैठे हैं।
जल्द वापस आने की उम्मीद
डीएम सुखलाल भारती के मुताबिक, वुहान में फंसे दंपत्ति आशीष यादव और नेहा के संबंध में प्रमुख सचिव गृह से फोन पर बात की और उन्हें पत्र भी भेजा है। दंपत्ति को स्वदेश वापस लाने के लिए राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव, सांसद राजवीर सिंह राजू भैया और सांसद एसपी सिंह बघेल ने भी पहल की है। राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह ने आशीष के परिजनों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही आशीष यादव सहित अन्य भारतीयों को स्वदेश लाया जाएगा।
प्यार के बीच नहीं आ सका कोरोना वायरस, यूपी के लड़के से शादी के लिए भारत आई चीनी युवती