पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, ऑनर किलिंग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मंगलवार की सुबह एक प्रेमी युगल के शव पेड़ पर लटके मिले है। दोनों के शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक विभाग ने घटना स्थल से साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के भिज दिया।
घटना एटा के नयागांव थाना क्षेत्र की है। नयागांव क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती और क्षेत्र के ही 22 वर्षीय युवक में प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की के परिजन इसके खिलाफ थे। इसके चलते प्रेमी-प्रेमिका 15 दिन पहले घर छोड़कर चले गए थे। मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिवार वालों ने शादी कराने के बहाने दोनों को वापस बुलाया था। वापस आने पर सोमवार देर रात युवक-युवती की हत्या कर दी। मंगलवार तड़के गांव दादुपुर के बाहर पेड़ पर दोनों के शव लटका दिए गए।
पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिलते ही फोर्स के साथ पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे गए। फॉरेंसिक विभाग की टीम और पुलिस ने घटना का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौका-ए-वारदात से साक्ष्यों को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आसपास के ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटा रही है। दोनों मृतकों के पैर जमीन से लगे हुए थे। वहीं लड़की के परिजन फरार बताये जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। वहीं, घटना के बाद मृतक युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने हर किसी का दिल दहला दिया है। इलाके में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है।
ये भी पढ़ें:- गर्मी के कारण केरला एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चार यात्रियों की मौत